आसमान से गिरा रहस्यमयी गोला! ग्रामीण बोले- चकरी की तरह घूमते हुए गिरा, दहशत का माहौल

ग्वालियर। मध्यप्रदेश के ग्वालियर जिले में शुक्रवार को मस्तूरा और जोरा श्यामपुरा में उस वक्त हड़कंप मच गया जब आसमान से अचानक खेत में लगभग 50 किलो वजनी बड़ा गोला आ गिरा, जिसके चलते खेत में लगभग 2 से 4 फीट गहरा गड्ढा हो गया। वहीं इसकी सूचना लगते ही आसपास के बड़ी संख्या में ग्रामीण इकट्ठे हो गए। आसमान से गिरे गोले का आकार और रंग बहुत ही अजीब समझ आने पर इसकी सूचना ग्रामीणों ने पुलिस और प्रशासन के अधिकारियों को दी। इसके बाद मौके पर पहुंचे अधिकारियों ने गोले से सभी ग्रामीणों को दूर किया और बम डिस्पोजल दस्ते को बुलाया गया, लेकिन जब वह बम का गोला नहीं निकला तो अधिकारी भी हैरान रह गए। ऐसी स्थिति में अधिकारियों ने गोले को अपनी निगरानी में लिया है। वहीं गोले को गिरते देखने वाले ग्रामीणों ने बताया कि ये गोला आसमान से चकरी की तरह घूमते हुए गिरा।

पुलिस का कहना है कि ग्रामीणों को इस तरह के अज्ञात वस्तु से दूर रहने की सलाह दी गई है। विशेषज्ञ से इस विषय में जांच के साथ राय ली जाएगी। वहीं एडीएम ग्रामीण अंजू अरुण कुमार का कहना है कि इस विषय में जानकारी प्राप्त हुई है, लिहाजा संबंधित अधिकारियों को जांच के निर्देश दिए गए हैं।आपको बता दें कि आसमान से गिरे इन गोलो को लेकर कयास यह भी लगाए जा रहे हैं कि यह सैटेलाइट का कचरा हो सकता है। इन्हें सेटेलाइट में उपयोग किए जाने वाले हाइड्रोजन गैस के गोले भी बताया जा रहा है, जिनमें गैस खत्म होने पर खुद ही सेटेलाइट से अलग होते हुए गिर जाने की स्थिति बताई जाती है। फिलहाल जांच दल इन अजीब गोले की जांच में जुट गया है।

Exit mobile version