रायसेन में 10 फीट के रास्ते के लिए मर्डर, गांववालों ने अस्पताल पहुंच कर जमकर किया हंगामा
.jpg)
- 10 फीट जमीन बनी विवाद का कारण
- पड़ोसी ने पहले छत से फिर घर में घुसकर की अंधाधुंध फायरिंग
- गांववालों ने TI को तत्काल हटाने की मांग की
रायसेन/स्वाति वाणी:-
रायसेन में बुधवार सुबह पठारी गांव में 10 फीट टुकड़े जमीन को लेकर एक पक्ष ने दूसरे पक्ष पर अंधुाधुंध फायरिंग कर दी। इसमें एक युवक की मौत हो गई। वहीं, 5 लोग घायल हो गए। घायलों को अस्पताल ले जाया गया, जहां से एक को भोपाल रेफर कर दिया गया। आरोपियों ने पहले घर की छत से पड़ोसियों पर गोली चलाई। इसके बाद घर के आंगन तक फायरिंग करते हुए पहुंच गए।
आक्रोशित भीड़ ने जमकर किया हंगामा
घटना के बाद जमकर हंगामा हुआ सैकड़ों लोग अस्पताल पहुंचे और आक्रोशित भीड़ TI को तत्काल हटाने की मांग पर अड़ गई। लोगों ने सागर तिराहे को जाम कर दिया। उन्होंने पुलिस से झूमाझटकी भी की। पुलिस ने मामले में 8 लोगों पर केस दर्ज कर लिया है। वारदात के बाद एसपी ने टीआई जगदीश सिंह सिद्धू को हटा दिया है। सभी गांव वालों के हथियारों के लाइसेंस निलंबित करने की कार्रवाई के लिए कहा गया है। आरोपियों की बंदूकों के लाइसेंस निरस्त कर जब्ती की कार्रवाई की जा रही है। आरोपियों के घर से वाहन जेसीबी समेत अन्य सामग्री जब्ती की कार्रवाई के आदेश कलेक्टर उमाशंकर भार्गव ने दिए हैं।
10 फीट जमीन बनी विवाद का कारण
रायसेन के पठारी इलाके में सड़क की जमीन को लेकर पड़ोसियों में सुबह 9 बजे विवाद शुरू हुआ था। आरोपी पक्ष रघुवीर यादव, रणवीर यादव ने फायरिंग शुरू कर दी। इसमें 35 साल के राजमोहन यादव की मौके पर मौत हो गई। वहीं, उनके भाई सहित परिवार के 5 लोग घायल हो गए। परिजनों की मानें तो मकान मृतक राजमोहन यादव का घर आरोपी पक्ष के घर से लगा हुआ है। कुछ समय पहले आरोपी पक्ष ने मृतक के घर के पास ही पत्थर काटने का प्लांट लगा दिया। प्लांट लगने से जो 10 फीट की रोड थी वह करीब-करीब बंद सी हो गई। मृतक के परिवार का यहीं से आना-जाना था। ऐसे में सड़क बंद होने से उनके सामने परेशानी खड़ी हो गई। उन्होंने आरोपी पक्ष से इस बारे में बात की, लेकिन वे विवाद पर उतारू हो गए। पीड़ित पक्ष ने इसे लेकर पुलिस-प्रशासन को आवेदन भी दिया। करीब तीन महीने से यह विवाद चला आ रहा था। बुधवार सुबह इसी बात को लेकर विवाद हुआ और आरोपी पक्ष ने गोली दाग दी।
पुलिस 100 मीटर दूर से तमाशा देखती रही
पीड़ितों के परिजन का कहना है कि पुलिस के शह पर यह सबकुछ हुआ है। सुबह विवाद शुरू हुआ तो पुलिस को कॉल किया। पुलिस आई, लेकिन विवाद सुलझाने की जगह 100 मीटर दूर खड़ी होकर तमाशा देखती रही। इस दौरान रणवीर और रघुवीर ने पहले छत से गोलीबारी की। इसके बाद नीचे आकर फायर करते हुए घर के आंगन तक पहुंच गए।
परिजनों ने पहले जिला अस्पताल में हंगामा कर TI को हटाने की मांग की। इसके बाद शहर के सबसे व्यस्ततम सागर तिराहे को जाम कर दिया। मामले में एसपी मोनिका शुक्ला कहा कि- आरोपियों को आज ही गिरफ्तार कर लिया जाएगा।




