नगरीय निकाय चुनाव : उम्मीदवारों को लेकर कांग्रेस का बड़ा ऐलान, कमलनाथ ने दिए ये निर्देश

भोपाल से खाईद जौहर की रिपोर्ट – राज्य निर्वाचन आयोग ने निकाय चुनाव अप्रैल में कराए जाने के संकेत दिए हैं। राज्य निर्वाचन आयुक्त बीपी सिंह ने 3 मार्च 2021 को वोटर लिस्ट फाइनल होने के बाद निकाय चुनाव कराए जाएंगे। बीपी सिंह ने अब साफ कर दिया है कि वोटर लिस्ट का काम 3 मार्च तक पूरा हो जाएगा। उसके बाद चुनाव होंगे। अब इलेक्शन नहीं टाले जाएंगे। उन्होंने बताया कि होली के आसपास मार्च के माह में इन चुनावों की तारीखों का ऐलान हो जाएगा। राज्य निर्वाचन आयुक्त बीपी सिंह की इस घोषणा के बाद सियासी हलचल तेज हो गई हैं। बीजेपी और कांग्रेस ने निकाय और पंचायत चुनाव को लेकर तैयारियां तेज कर दी हैं।
इसी बीच खबर है कि पीसीसी चीफ कमलनाथ ने निकाय चुनाव की तैयारियों का फीडबैक लिया हैं। उन्होंने प्रभारियों को फरवरी के आखिरी सप्ताह तक उम्मीदवारों के नाम तय करने के निर्देश दिए हैं। पीसीसी के संगठन प्रभारी चंद्रप्रभाष शेखर ने कहा है कि निकाय चुनाव की तारीखों के साथ ही कांग्रेस अपने उम्मीदवारों के नाम का भी ऐलान कर देगी। हालांकि, कुछ दिनों पहले टिकट बंटवारे को लेकर पार्टी के अंदर फुट देखने को मिली थी। मामला उज्जैन से सामने आया था जहां महापौर के पद को लेकर जिला अध्यक्ष महेश सोनी और कांग्रेस विधायक महेश परमार आमने-सामने आ गए थे।
मालूम हो कि प्रदेश में नगरीय निकाय चुनाव में 1 साल की देरी हो चुकी हैं। राज्य निर्वाचन आयोग ने 27 दिसंबर को आदेश जारी कर कहा था कि चुनाव फरवरी 2021 में कराए जाएंगे। लेकिन कोरोना संक्रमण काल के कारण निकाय चुनाव को टाल दिया गया। प्रदेश में कुल 407 नगरीय निकायों में से 307 का कार्यकाल 25 सितंबर 2020 को खत्म हो चुका हैं। 8 निकायों का कार्यकाल जनवरी और फरवरी में पूरा हो रहा हैं। त्रिस्तरीय पंचायतों में पंच, सरपंच, जनपद सदस्य, जिला पंचायत सदस्यों का कार्यकाल मार्च 2021 में खत्म हो रहा हैं। 29 नई नगर परिषदों में भी चुनाव होना हैं।




