MP : शीतकालीन सत्र पर छाया कोरोना का साया, 16 कर्मचारी और निकले पॉजिटिव, दो विधायक भी शामिल

मध्यप्रदेश/भोपाल – 28 दिसंबर यानि सोमवार से विधानसभा का शीतकालीन सत्र शुरू होना है, लेकिन उस से पहले विधानसभा में कोरोना ब्लास्ट हुआ हैं। जिससे विधानसभा प्रबंधन सकते में हैं। शनिवार को भी 16 कर्मचारी कोरोना पॉजिटिव पाए गए हैं। इस तरह 77 कर्मचारियों में से अब तक विधानसभा के 50 कर्मचारी कोरोना संक्रमित हो चुके हैं।
जबकि शुक्रवार को 34 कर्मचारियों की रिपोर्ट पॉजिटिव आई थी। पहले इनका रैपिड एंटीजन टेस्ट हुआ, इसके बाद आरटी-पीसीआर भी कराई गई। शुक्रवार को भी 55 लोगों का और टेस्ट हुआ था। MLA रेस्ट हाउस स्थित नया पारिवारिक खंड 1-2-3 में अब कुल 50 लोगों की रिपोर्ट पॉजिटिव आई हैं।
इधर, प्रोटेम स्पीकर रामेश्वर शर्मा और विधानसभा सचिव एपी सिंह सहित 40 लोगों का कोरोना टेस्ट कराया गया हैं।
वहीं, दो विधायकों सुनीता पटेल विधायक गाडरवारा और योगेंद्र बाबा विधायक लखनादौन की रिपोर्ट भी कोरोना पॉजिटिव आई हैं। जबकि, कोरोना काल में अभी तक 47 विधायक संक्रमित हो चुके हैं। इनमें मुख्यमंत्री और एक दर्जन मंत्रियों के साथ विधायक भी शामिल हैं। एक विधायक गोवर्धन दांगी और पूर्व विधायक कल्याण सिंह की मौत हो चुकी हैं। इस समय विधानसभा सदस्यों में 51 विधायक 60 वर्ष से अधिक उम्र के हैं।
बता दे कि विधानसभा में कोरोना का बड़ा ब्लास्ट होने के बाद अब सत्र को निरस्त भी किया जा सकता हैं। सत्र को निरस्त करने की संभावना इसलिए भी बढ़ गई क्योंकि इस से पहले 10 राज्यों ने भी कोरोना के चलते सत्र को निरस्त किया हैं। सत्र निरस्त करने वाले राज्यों में राजस्थान, दिल्ली, हरियाणा, महाराष्ट्र, उत्तर प्रदेश, गोवा, गुजरात, केरल, त्रिपुरा, हिमाचल प्रदेश और मेघालय शामिल हैं।
गौरतलब है कि सत्र पहले हुए इस कोरोना विस्फोट से विधानसभा में हड़कंप मचा हुआ हैं।




