मप्र पंचायत चुनाव : तैयारियां तेज़, राज्य निर्वाचन आयुक्त ने कलेक्टरों को दिए ये निर्देश, तारीखों का ऐलान भी जल्द 

भोपाल/खाईद जौहर : मध्यप्रदेश में उपचुनाव के बाद पंचायत चुनाव की तारीखों का ऐलान हो सकता है, ऐसी उम्मीद जताई जा रही है कि नवंबर-दिसंबर के बीच मतदान कराए जा सकते है। राज्य निर्वाचन आयोग ने पंचायत चुनाव 3 चरणों में कराने की तैयारी की है। वहीं, शासन स्तर पर भी चुनाव से संबंधित तैयारियां हो चुकी हैं। खबरों की मानें तो राज्य निर्वाचन आयुक्त बसंत प्रताप सिंह ने कलेक्टरों को निर्देश दिए है कि रिटर्निंग एवं सहायक रिटर्निंग ऑफिसर की नियुक्ति जल्द पूरी करें। मार्च 2022 तक कार्यकाल पूरा करने वाली पंचायतों की रिक्तियों की जानकारी 3 दिन में भेजें। 

राज्य निर्वाचन आयुक्त बसंत प्रताप सिंह ने बताया कि वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से कलेक्टर्स से चर्चा की, पंचायतों की मतदाता सूची का अंतिम प्रकाशन 3 मार्च 2021 को हो चुका है। कलेक्टर्स एवं जिला निर्वाचन अधिकारियों को निर्देशित किया है कि त्रि-स्तरीय पंचायत आम निर्वाचन की सभी तैयारियाँ जल्द पूरी करें। राज्य निर्वाचन आयुक्त ने कहा कि प्रदेश की सभी जिला पंचायत, जनपद पंचायत और ग्राम पंचायतों, जिनका कार्यकाल पूरा हो चुका है और जिनका मार्च 2022 तक पूरा हो रहा है, का निर्वाचन करवाया जाएगा।

वहीं, राज्य निर्वाचन आयोग भोपाल द्वारा त्रिस्तरीय पंचायत आम निर्वाचन 2021 की तैयारियों के संबंध में 22 अक्टूबर 2021 को अपरान्ह 4:00 बजे से 5.30 तक वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग का आयोजन किया गया है। वीडियो कांफ्रेंसिंग में उप जिला निर्वाचन अधिकारी, जनपद पंचायतों के रिटर्निंग ऑफिसर जिला पंचायतों के सहायक रिटर्निंग ऑफिसर, मास्टर ट्रेनर्स, नोडल अधिकारी (प्रशिक्षण) एवं निर्वाचन अधीक्षक (स्थानीय निर्वाचन शाखा) एवं निर्वाचन कार्य से संबंधित कर्मचारियों को अनिवार्य रूप से उपस्थित होने के लिए निर्देश दिए गए हैं।

3 चरणों में कराए जाएंगे चुनाव 

राज्य निर्वाचन आयोग ने पंचायत चुनाव 3 चरणों में कराने की तैयारी की है। पहले चरण में सात हजार 527, दूसरा चरण में 7,571 और तीसरे चरण में 8,814 पंचायतों के चुनाव कराए जा सकते हैं। बताया जा रहा है कि ग्राम पंचायत और जनपद पंचायत के आरक्षण की प्रक्रिया पूरी हो चुकी है। पंचायत सदस्यों का चुनाव ईवीएम से और सरपंचों का बैलेट पेपर से होंगे। प्रदेश में 23 हजार से ज्यादा पंचायतों के साथ 313 जनपद और 52 जिला पंचायतों के चुनाव कराए जाने हैं।

मिली जानकारी के अनुसार जिला और जनपद के चुनाव EVM के माध्यम से होंगे, जबकि सरपंच और पंच का चुनाव मतपत्र के माध्यम से होगा। यह चुनाव एक जनवरी 2020 की वोटर लिस्ट के आधार पर कराया जाएगा।
 

Exit mobile version