
भोपाल से खाईद जौहर की रिपोर्ट – एक ओर मध्य प्रदेश सरकार अवैध खनन पर पूरी तरह से रोक लगाने का ढिंढोरा पीट रही हैं। वहीं दूसरी ओर सरकार के दर्जा प्राप्त मंत्री और नदी नियास के अध्यक्ष कंप्यूटर बाबा आए दिन रेत खदानों में छापेमारी की वजह से खूब सुर्खियां बटोर रहे हैं। लेकिन इसी बीच खनिज मंत्री प्रदीप जायसवाल ने कंप्यूटर बाबा को आधे हाथों ले लिया हैं। साथ ही कंप्यूटर बाबा पर जमकर निशाना साधा हैं।
दरअसल, शनिवार को मीडिया से बात करते हुए खनिज मंत्री प्रदीप जायसवाल ने कहा कि कई बार पंचायत की स्वीकृत खदानों पर पहुंच जाते हैं। स्वीकृत खदानों पर ट्रैक्टर ट्राली खड़े होना कोई नई बात नहीं हैं। बाबा की इन कार्रवाइयों से विभाग को परेशानी का सामना करना पड़ता हैं। उन्होंने कहा 1 अप्रैल से प्रदेश में नई खनिज नीति से रेत खनन का काम होगा।
खनिज मंत्री ने आगे कंप्यूटर बाबा पर हमला बोलते हुए कहा कि बाबा अवैध खनन रोकने के नाम पर खनिज विभाग के अधिकारी-कर्मचारियों पर दबाव बना रहे हैं। उन्होंने कहा कि जब खनिज विभाग अवैध खनन रोकने मे सक्षम हैं तो बाबा किसके इशारे पर छापा मार रहे हैं। वह भी ऐसी खदानों पर जो वैध हैं।
मंत्री प्रदीप जायसवाल ने आगे कहा कि बाबा को न तो ज्ञान है तकनीक का और न ही वैज्ञानिक हैं। बावजूद इसके वे किसके इशारे पर छापेमार कार्रवाई कर रहे हैं। जायसवाल ने कहा कि यह जरूरी नहीं है कि बाबा जिस खदान पर जा रहे हैं वह अवैध हो। पंचायतों ने जो ठेके दिए हैं वह वैध हैं।