
भोपाल से खाईद जौहर की रिपोर्ट – मध्यप्रदेश की शिवराज सरकार पूर्व की कमलनाथ सरकार पर ये आरोप लगाती रही है कि कमलनाथ एक किसान का भी दो लाख रू का कर्जा माफ नहीं कर पाए और यदि ऐसा है तो वे उस किसान को सामने लाकर सामने खड़ा करें।
इसी बीच कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष कमलनाथ ने बुधवार को मीडिया के सामने एक पेनड्राइव लहराते हुए बड़ा सनसनीखेज दावा किया। कमलनाथ ने कहा कि पेन ड्राइव में 26 लाख उन किसानों के नाम, पते और अकाउंट नंबर सहित वह सारी राशि दर्ज है जो कर्ज के रूप में माफ की गई हैं।
कमलनाथ के इस दावे पर अब प्रदेश के गृहमंत्री नरोत्तम मिश्रा ने तंज कसा हैं।
गृहमंत्री नरोत्तम मिश्रा ने कहा कि पहले ही ऐसा बंडल जारी कर दिया था, पहले पेन (दर्द) दिया अब ड्राइव पर ले जा रहे हैं। पहले पेन दिया, झूठा कर्जमाफी का वादा करके अब ड्राइव कर रहे हैं। पूरी पेनड्राइव ने एक नाम निकाल के दिखा दे जिसका 2 लाख का कर्जा माफ हुआ हो।
इधर, कमलनाथ का यह दावा कितना सही है यह तो पेन ड्राइव के डाटा का विश्लेषण करने से ही पता चलेगा। लेकिन कमलनाथ के इस दावे के बाद प्रदेश की सियासत गर्म हैं।