MP Elections 2023: बीजेपी प्रत्याशी के भाई पर FIR, कन्या पूजन के बाद बांटे थे पैसे, विधायक बोले- मैं डरने वाला नहीं हूं

MP Elections 2023: मध्यप्रदेश में विधानसभा चुनाव 2023 के लिए टिकट वितरण के बाद उम्मीदवार प्रचार प्रसार में जुट गई है। इसके साथ ही उम्मीदवार अपने-अपने क्षेत्रों में मतदाताओं से जनसंपर्क कर अपने पक्ष में मतदान की अपील कर रहे हैं।
एमपी के अशोकनगर से भाजपा प्रत्याशी जजपाल सिंह जज्जी के भाई और बीजेपी नेता के खिलाफ आदर्श आचरण संहिता के उल्लंघन पर शिकायत दर्ज की गई है। दरअसल, इन दोनों नेताओं पर बीजेपी कार्यालय के शुभारंभ के दौरान कन्या पूजन कर रुपए बांटने का आरोप है। कांग्रेस उम्मीदवार की शिकायत पर आचार संहिता के उल्लंघन को लेकर प्रकरण दर्ज किया गया है।
बीजेपी विधायक जजपाल सिंह जज्जी के भाई शीतल सिंह और भाजपा नेता प्रतापभान यादव पर FIR दर्ज की गई है। दोनों नेताओं ने बीजेपी कार्यालय के शुभारंभ के दौरान कन्या पूजन कर रुपए बांटे थे। कांग्रेस प्रत्याशी हरि बाबू राय ने इसकी शिकायत सी-विजिल एप पर दर्ज कराई थी। जिसके बाद कोतवाली थाने में आदर्श आचार संहिता के उल्लंघन को लेकर मामला दर्ज किया गया है।
वहीं एफआईआर दर्ज होने के बाद भाजपा प्रत्याशी व विधायक जजपाल सिंह जज्जी ने सफाई देते हुए कहा कि, संस्कृति की रक्षा के लिए और भी कैश लगे तो डरने वाला नहीं हूं। बीजेपी नेता ने आगे कहा कि, शुभ कार्यों के पहले कन्या पूजन हमारी संस्कृति है, आगे भी करता रहूंगा।




