मप्र उपचुनाव : भाजपा ने तैयार किया फेस्टिवल प्लान, कांग्रेस ने पूछा, सिर्फ उपचुनाव वाली सीटों पर ही क्यों?

भोपाल/खाईद जौहर : मध्यप्रदेश की 4 सीटों पर होने वाले उपचुनावों को लेकर सरगर्मी बढ़ती जा रहीं है, इन सीटों पर होने वाले उपचुनावों को देखते हुए सत्ताधारी दल ने इसकी तैयारियां तेज़ कर दी है। साथ ही नए नए प्लान भी बनाने शुरू कर दिए है। इसी कड़ी में अब भाजपा ने फेस्टिवल प्लान (Festival Plan) तैयार किया है। जिसके तहत दुर्गाष्टमी यानी 13 अक्टूबर को खंडवा लोकसभा और तीन विधानसभा क्षेत्रों में कन्या पूजन का कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। इसके बाद 14 अक्टूबर को 'नवमी” के दिन मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान प्रदेश की 40 लाख लाडली लक्ष्मियों के साथ संवाद करेंगे। जबकि 15 अक्टूबर विजयदशमी (दशहरा) के दिन खंडवा सहित पृथ्वीपुर, जोबट व रैगांव में बीजेपी कार्यकर्ता घर-घर जाकर विजय संकल्प ध्वज लगाएंगे।
बता दे कि सोमवार को हुई बीजेपी चुनाव प्रबंध समिति की बैठक में इस फेस्टिवल प्लान को अंतिम रूप दिया गया। बताया जा रहा है कि इन कार्यक्रमों में सीएम शिवराज और बीजेपी प्रदेश अध्यक्ष वीडी शर्मा के साथ बीजेपी के दिग्गज नेता शामिल होंगे। इतना ही नहीं कैलाश विजयवर्गीय, प्रह्लाद पटेल, वीरेंद्र खटीक, फग्गन सिंह कुलस्ते, लाल सिंह आर्य के कार्यक्रम पार्टी ने तय भी कर दिए हैं।
इधर, सीएम के इन सभी कार्यक्रमों को भी उपचुनाव की रणनीति के लिहाज से देखा जा रहा है।
वहीं, भाजपा के इस फेस्टिवल प्लान को लेकर कांग्रेस ने इसपर निशाना साधा है। कांग्रेस प्रवक्ता नरेंद्र सलूजा ने ट्वीट करते हुए कहा कि बीजेपी सियासत के लिए धर्म को इस्तेमाल करती है। आखिर विजय ध्वज फहराने का कार्यक्रम सिर्फ उपचुनाव वाली सीटों पर ही क्यों किया जा रहा है? क्या दशहरे का पर्व सिर्फ उन्हीं सीटों पर मनाया जाएगा।




