MP: भाजपा मंत्री ने कांग्रेस नेता पर बोला हमला, कहा- ये हैं ‘चुनावी हिंदू’

जबलपुर। कांग्रेस नेता प्रियंका गांधी ने जबलपुर में पार्टी के चुनाव अभियान का शंखनाद कर रही हैं। प्रियंका गांधी के साथ प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष कमलनाथ, सांसद विवेक तनखा और अन्य नेता भी मौजूद रहे। ग्वारीघाट पर नर्मदा मां का पूजन कर उन्होंने सभा को संबोधित किया। इस पर मध्यप्रदेश के बीजेपी मंत्रियों ने उन्हें घेरा है। गृहमंत्री नरोत्तम मिश्रा ने पूर्व मुख्यमंत्री कमलनाथ और प्रियंका गांधी पर तंज कसते हुए कहा कि ये बस चुनावी हिंदू हैं। चुनाव के समय ही इनको नर्मदा जी की याद क्यों आती है…
नरोत्तम मिश्रा ने आज प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान कांग्रेस पार्टी पर जमकर निशाना साधा है। उन्होंने कटाक्ष करते हुए कहा कि “चुनाव के समय ही इनको नर्मदा जी की याद क्यों आती है ? 2018 चुनाव में भी इनको नर्मदा जी याद आयी थी, लेकिन उसके बाद नहीं आयी और अब चुनाव में फिर से नर्मदा जी याद आ रही हैं। नरोत्तम मिश्रा ने सवाल खड़े करते हुए कहा कि प्रियंका जी से मेरा पूछना था कि संस्कारधानी की जगह किसी और शहर को क्यों नही चुना। संस्कारधानी आ रही हैं और ऐसे लोगों के साथ मंच शेयर कर रही हैं जो महिलाओं को कभी आइटम बोलते हैं कहीं टंच माल बोलते हैं.”
पीसीसी चीफ पर तंज कसते हुए उन्होंने कहा कि कमलनाथ जी भी आजकल सुंदरकांड में जा रहे हैं. मैं यही तो बोल रहा हूँ कि यह चुनावी हिन्दू हैं। साथ ही, पूरे शहर में 30 फीट की हनुमान गदा भी लगाई गई है। यह बताने को कि मध्य प्रदेश में कमलनाथ से बड़ा हनुमान भक्त कोई नहीं है। कर्नाटक चुनावों में जब बजरंग दल को लेकर विवाद हुआ, तब कांग्रेस के दफ्तर में बजरंगियों ने तोड़फोड़ की थी। उसका जवाब भी अलग तरह से दिया जा रहा है।
वही, चिकित्सा शिक्षा मंत्री विश्वास सारंग ने तो कह दिया कि प्रियंका गांधी सिर्फ चुनावी छलावा करने मध्य प्रदेश में आई हैं। पांच साल पहले चुनाव के समय राहुल गांधी मप्र आए थे। किसान कर्जमाफी और बेरोजगारी भत्ता देने का वादा किया लेकिन पूरा नहीं किया। कोट के ऊपर जनेऊ पहनकर राहुल और नर्मदा की आरती कर प्रियंका हिन्दू बनने की कोशिश करते हैं। यह वही कांग्रेस हैं, जिसने कर्नाटक में बजरंग बली का विरोध किया। आज बजरंगबली की आरती उतार रहे हैं। कमलनाथ बजरंग बली का केक बनवाकर उस पर छुरी चलाते हैं। चुनाव के समय भगवान को याद करना कांग्रेस की राजनीति है। कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने प्रियंका के स्वागत वाले बैनरों में राष्ट्रीय ध्वज को कुचला है।




