मप्र विधानसभा सत्र : भाजपा ने बुलाई विधायक दल की बैठक, तो कांग्रेस ने किया ये ऐलान 

मध्यप्रदेश/भोपाल – 28 दिसंबर से शुरू हो रहा मध्यप्रदेश विधानसभा का सत्र महज 3 दिन का होगा। यह सत्र इस लिहाज से भी महत्वपूर्ण है क्योंकि सरकार को अपने खर्चे चलाने के लिए अनुपूरक बजट को पास करवाना हैं। इसके अलावा हाल ही में हुए उप चुनाव जीतकर आए विधायकों को भी इसी सत्र के दौरान शपथ दिलायी जाएगी। साथ ही सदन में अध्यक्ष और उपाध्यक्ष का चुनाव किया जाना है। लेकिन 3 दिन के इस सत्र में क्या स्पीकर का चयन हो पाएगा इस पर अभी भी संशय बना हुआ हैं। 

इधर, मध्यप्रदेश विधानसभा के सत्र से पहले भाजपा ने अपने विधायकों के साथ बैठक बुलाई हैं। विधायक दल की बैठक 27 दिसंबर को होने जा रही हैं। यह बैठक शाम 5:00 बजे मुख्यमंत्री आवास में होगी। उसमें सभी विधायकों को बुलाया गया हैं। माना जा रहा है कि विधायक दल की बैठक में 28 दिसंबर को शुरू हो रहे विधानसभा सत्र को लेकर रणनीति बनेगी। 

उधर कांग्रेस ने सत्र के दौरान सरकार को घेरने के लिए रणनीति बनाने पर काम शुरू कर दिया हैं। कांग्रेस विधायक दल की बैठक से पहले ही यह ऐलान कर चुकी है कि किसानों के मुद्दे पर वह विधानसभा का घेराव करेगी। खुद पीसीसी अध्यक्ष कमलनाथ और कांग्रेस के सभी विधायक ट्रैक्टर पर सवार होकर विधानसभा पहुंचेंगे। ऐसे में देखना यह होगा कि आखिरकार सदन में किस की रणनीति किस पर भारी पड़ती हैं। 
 

Exit mobile version