जो मंत्री हमेशा करते है नालों की सफाई, उनके ही विधानसभा क्षेत्र के 20 घरों में घुसा सीवर का गंदा पानी, कांग्रेसी बैठे धरने पर

मध्यप्रदेश/ग्वालियर – ग्वालियर विधानसभा क्षेत्र के ख्वाजा नगर के 20 घरों में रविवार को सीवर का गंदा पानी घुस गया। होली के त्यौहार पर घर के अंदर सीवर का गंदा पानी घुसता देख लोग आक्रोशित हो गए उन्होंने हंगामा शुरू कर दिया। सीवर का गंदा पानी घरों में घुसने की जानकारी लगते ही कांग्रेस ने मोर्चा संभाल लिया। ब्लॉक कांग्रेस कमेटी 3 के अध्यक्ष मुनेंद्र सिंह भदौरिया, पूर्व पार्षद माठू यादव और अन्य कार्यकर्ताओं के साथ पहुंचे और सीवर के गंदे पानी में ही धरने पर बैठ गए। 

खास बात ये है कि ऊर्जा मंत्री प्रद्युम्न सिंह तोमर के विधानसभा क्षेत्र में ये घटना हुई। इस क्षेत्र के विधायक एवं ऊर्जा मंत्री प्रद्युम्न सिंह तोमर जब कांग्रेस में थे तो लगातार उन्होंने इसके लिए संघर्ष किया। उनका गंदे पानी में बैठकर धरना देना अख़बारों की सुर्खियां बनता था। अब जबकि वो सरकार का हिस्सा हैं तब भी गंदे पानी और सीवर चौक की समस्या से जनता को रहत नहीं मिल पा रही हैं। 

बता दे कि ग्वालियर विधानसभा के लोग लम्बे समय से गंदे पानी और सीवर चौक की समस्या से जूझ रहे हैं। लोगों को कहना है कि क्षेत्र में सीवर लाइन लम्बे समय से चौक है कई बार शिकायत की लेकिन नगर निगम के अधिकारी सुनते ही नहीं हैं।

इधर, कांग्रेस के धरने की जानकारी मिलते ही नगर निगम के अधिकारी कर्मचारियों को लेकर ख्वाजा नगर पहुंचे और सीवर के गंदे पानी को मशीन से निकाला और भरोसा दिया कि जल्दी ही चौक सीवर लाइन की सफाई कर दी जाएगी।

हालांकि, इस से पहले मंत्री तोमर नगर निगम के अधिकारियों को चेतावनी देते रहे हैं कि उनके क्षेत्र के लोगों को गंदे पानी और सीवर की समस्या नहीं होनी चाहिए। लेकिन उनकी चेतावनी का नगर निगम के लापरवाह प्रशासन पर कितना असर हुआ ये रविवार को देखने को मिला जब लोगों के घरों में सीवर का गंदा पानी घुस गया।

Exit mobile version