
बुरहानपुर / गरिमा श्रीवास्तव :- शुक्रवार सुबह अवैध रेत खनन रोकने गए खनिज निरीक्षक पर रेत माफियाओं ने पत्थरो से हमला कर दिया। जिससे खनिज निरीक्षक कुलदीप जैन का हाथ फ्रैक्चर हो गया। उनकी शिकायत पर शिकारपुरा थाना पुलिस ने 5 लोगों पर नामजद केस दर्ज किया है। निरीक्षक जैन ने अपने मोबाइल से घटना का वीडियो भी बनाया है लेकिन उसे सार्वजनिक करने से इनकार कर दिया।
कुलदीप जैन(Kuldeep Jain) बताते हैं कि शुक्रवार सुबह 10 बजे निजी वाहन से अवैध रेत खनन रोकने गए थे। बोहरडा घाट पर रेत परिवहन करते एक ट्रैक्टर -ट्रॉली जब्त की और इसे होमगार्ड कार्यालय भेज दिया। इसके बाद वे ताप्ती नदी के सतियारा घाट पहुंचे। जैनाबाद के पास बड़े पुल के नीचे 10-12 लोग रेत निकाल रहे थे। यहां तीन ट्रैक्टर-ट्रॉली खड़ी थी। जैन को देखकर सभी रेत माफिया तड़के के साथ ट्रेक्टर ट्राली लेकर भाग निकले।
फिर थोड़ी देर बाद करीब 4 – 5 नकाबपोश लोग वहाँ आये और जैन पर जमकर पत्थरबाज़ी करने लगे। एक पत्थर बहुत तेज़ी से जैन के हाथ में लगा जिससे उनका हाथ फ्रैक्चर हो गया।
कुलदीप ने बताया कि उनके साथ साथ ड्राइवर को भी चोट आयी है। नकाबपोश काफी उग्र हो गए थे जान बचाने के लिए निरीक्षक को वापस गाड़ी में बैठकर भागना पड़ा।
कुलदीप जैन के हाथ में माइनर फ्रैक्चर हुए है। इस घटनाक्रम के बाद भी कुलदीप माफियाओं से डरे हुए नहीं हैं। उनका कहना है कि –
“हम अपनी ड्यूटी कर रहे थे। उस समय हमला हुआ। ऐसी घटनाओं से हम डरने वाले नहीं हैं। कार्रवाई जारी रखी जाएगी। आगे से सख्ती से कार्रवाई करेंगे।”
– कुलदीप जैन, खनिज निरीक्षक, बुरहानपुर –