रीवा में महिला सरपंच के घर लोकायुक्त पुलिस की छापेमारी, 30 गाड़ियों के साथ 10 करोड़ की प्रॉपर्टी मिली
.jpg)
- सरपंच निकली 30 गाड़ियों की मालकिन
- संपत्ति देख लोकायुक्त की टीम दंग रह गई
- 4 ठिकानों पर लोकायुक्त की रेड
रीवा:
मध्य प्रदेश के रीवा जिले में महिला सरपंच के यहां लोकायुक्त के छापेमारी में करोड़ों की संपत्ति मिली है। रीवा के बैजनाथ गांव की सरपंच सुधा सिंह के घर लोकायुक्त पुलिस ने छापेमारी की है। लोकायुक्त की 25 सदस्य की चार टीमों ने महिला सरपंच के चार ठिकानों पर मंगलवार एक साथ कार्रवाई की। अब तक 10 करोड़ की संपत्ति का पता चला है। चारों ठिकानों से 30 गाड़ियां मिली हैं। दो क्रशर प्लांट भी सरपंच के नाम पर है।
संपत्ति देख लोकायुक्त की टीम दंग रह गई
सुधा सिंह 2015 में सरपंच बनी थी। लोकायुक्त को आय से अधिक संपत्ति अर्जित करने की शिकायत मिली थी। अब तक की कार्रवाई में महिला सरपंच के अब तक 2 आवास होने का पता चला है। बैजनाथ गांव में 1 एकड़ क्षेत्र में आलीशान बंगला बना है। इसमें स्वीमिंग पूल भी है। लोकायुक्त की टीम यह सब देख दंग रह गई। दूसरा घर गोड़हर स्थित शारदापुरम में है।
30 गाड़ियां मिली
सरपंच के नाम पर 2 क्रशर प्लांट भी हैं। यहां भी जांच चल रही है। अब तक 30 वाहन भी मिले हैं। इनमें JCB, चैन माउंटेन मशीन, फोर व्हीलर आदि शामिल हैं। लगभग 10 करोड़ की प्रॉपर्टी अभी तक सामने आ चुकी है।
कार्रवाई अभी भी जारी
लोकायुक्त SP राजेंद्र कुमार वर्मा ने बताया कि 4 ठिकानों पर अलग-अलग टीम कार्रवाई कर रही है। प्रॉपर्टी की पूरी जानकारी जुटाई जा रही है। कार्रवाई देर तक चल सकती है।