ताज़ा खबरेंराज्यों सेसभी खबरें
नेता प्रतिपक्ष गोविंद सिंह का विधानसभा अध्यक्ष को पत्र, आपने अपने बेटे का किया प्रचार, सदन की गरिमा को पहुंची ठेस

भोपाल : मध्यप्रदेश के नेता प्रतिपक्ष और पूर्व मंत्री गोविंद सिंह ने विधानसभा अध्यक्ष गिरीश गौतम को एक पत्र लिखा है। जिसमें उन्होंने संवैधानिक पद की मर्यादा और स्थापित परंपराओं की ओर ध्यान आकृष्ट कराया है।
नेता प्रतिपक्ष गोविंद सिंह ने अपने पत्र में लिखा की – माननीय अध्यक्ष महोदय मैं आपका ध्यान मध्यप्रदेश में चल रहे पंचायत चुनावों की ओर आकर्षित कराना चाहता हूं। उक्त चुनाव में आपके पुत्र श्री राहुल गौतम जिला पंचायत सदस्य का चुनाव लड़ रहे थे। देखने में आया है तथा सुनने को भी मिला है कि आप अपने पुत्र के प्रचार में लगे हुए थे।
आप प्रदेश के ऐसे संवैधानिक पद पर विराजमान हैं, जो निष्पक्ष रूप से कार्य करने के लिए जाना जाता है। इसके बावजूद भी आपने पद की गरिमा और मर्यादा का ध्यान न रखकर अपने पुत्र के पक्ष में प्रचार किया है, उससे विधानसभा सदस्यों की भावनाओं को ठेस पहुंची है।
उन्होंने लिखा की – माननीय अध्यक्ष महोदय में भी बिगत 32 वर्षों से इसी सदन में हूं और अनेकों माननीय अध्यक्ष महोदय की कार्यप्रणाली भी देखी है। कोई भी अध्यक्ष शायद ही किसी नेता, मंत्री या पार्टी के कार्यालय गया हो लेकिन आप पद की गरिमा के विपरीत हर जगह पहुंच रहे हैं। आपने जो किया है वह असंवैधानिक है व पद की गरिमा के अनुकूल भी नहीं है। संविधान के अनुसार आप विधानसभा में पक्ष-विपक्ष के संरक्षक है। सदन की गरिमा व मर्यादा बचाने की सारी शक्तियां आप में निहित है, फिर भी आपके द्वारा ऐसा करने से सदन के सर्वोच्च पद की गरिमा धूमिल हुई है। यदि सदन के सर्वोच्च पद पर बैठे माननीय अध्यक्ष महोदय राजनीति में खुलकर भाग लेंगे तो विपक्ष उनसे न्याय की उम्मीद कैसे करेगा ?
मैं आपको एक उदाहरण देना चाहूंगा। स्व. श्री गुलशेर अहमद जब हिमाचल प्रदेश के माननीय राज्यपाल हुआ करते थे। उसी दौरान उनके गृह नगर सतना में उनका पुत्र चुनाव लड़ रहा था। श्री अहमद एक दिन के लिए चुनाव के दौरान सतना गए तो उन पर आरोप लगाए गए थे, तो उन्होंने अपनी गलती मानकर अपने पद से इस्तीफा दे दिया था।
मेरा आपसे विशेष अनुरोध है कि पद की गरिमा अक्षुण्ण बनी रहे एवं पक्ष व विपक्ष का विश्वास आप पर बना रहे। आशा और अपेक्षा है कि आप मेरे मत से सहमत होंगे ।


