खरगोन हिंसा : पीड़ित परिवारों को लेकर CM का बड़ा ऐलान, दी ये चेतावनी

खरगोन : खरगोन हिंसा में अपना घर गवांने वाले पीड़ितों के लिए मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने बड़ा एलान किया है।
उन्होंने कहा कि खरगोन में गरीबों के घर जल गए। उनमें अनुसूचित जाति के लोग भी थे। छोटे-छोटे मकान जला दिए। जिन्होंने घर जलाए उन पर कार्रवाई होगी और जिनके घर जले हैं, वो चिंता नहीं करें। मामा फिर से घर बनाएगा। हम फिर से घर खड़ा करेंगे।
वहीं, मुख्यमंत्री ने चेतावनी भी दी कि अगर प्रदेश में किसी ने दंगा फैलाया, तो मामा छोड़ेगा नहीं। उन्होंने कहा कि कुछ लोग हैं, जो गड़बड़ करते हैं। उन्हे बख्शा नहीं जाएगा, पूरे प्रदेश में दंगाइयों के खिलाफ सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।
गौरतलब है कि रविवार को मध्यप्रदेश के खरगोन ज़िले में रामनवमी के जुलूस के दौरान जमकर हिंसा हुई। उपद्रवियों द्वारा पेट्रोल बम भी फेंके गए। गोशाला मार्ग स्थित शीतला माता मंदिर में तोड़फोड़ की गई। वहीं, तालाब चौक, भावसार मोहल्ला व गोशाला मार्ग पर कई घरों और वाहनों के साथ सराफा क्षेत्र में कुछ दुकानों में आग लगा दी गई। जबकि, कुछ लोगों ने इमलीपुरा क्षेत्र समेत कई जगहों पर पथराव कर दिया। इस पूरे घटनाक्रम में आम जनता समेत 20 पुलिसकर्मी घायल हो गए थे।




