कमलनाथ बोले, लोकायुक्त नकली, MLA ने कहा, लाल डायरी में लिखें जा रहा है सबके नाम, BJP का वार, आप तो 2 कदम आगे निकले

पृथ्वीपुर : मध्यप्रदेश में होने वाले उपचुनाव से पहले प्रदेश में प्रचार-प्रसार का दौर अपने चरम पर है, नेताओं द्वारा मंच से बड़े बड़े वादे और दावे तो किए ही जा रहे है, साथ ही एक दूसरे पर वार-पलटवार भी जमकर हो रहे हैं। इसी कड़ी में प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री और कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष कमलनाथ ने पृथ्वीपुर की चुनावी सभा में कहा था कि जब हम सरकार में आएंगे तो असली लोकायुक्त बनाएंगे। इस जैसा नकली लोकायुक्त नहीं।
अब उनके इस बयान पर वार-पलटवार का दौर तेज़ हो गया है, दरअसल उनके इस बयान पर प्रदेश के गृहमंत्री डॉ नरोत्तम मिश्रा ने कहा कि लोकायुक्त के खिलाफ कमलनाथ की टिप्पणी इस वजह से है क्योंकि राज्यपाल को सौंपे गए वार्षिक प्रतिवेदन में लोकायुक्त ने कमलनाथ की कांग्रेस सरकार की अनियमितताओं के खिलाफ काफी कुछ लिखा है।
इधर, नरोत्तम मिश्रा के इस बयान पर कांगेस विधायक कुणाल चौधरी ने पलटवार किया, उन्होंने कहा कि ऐसे अधिकारियों के नाम लाल डायरी में लिखा जा रहा है जो वर्दी पहनकर भाजपा के एजेंट के रूप में काम कर रहे है, याद रखे कि सरकारें बदलती रहती है संविधान के दायरे में काम करोगे तो फायदे में रहोगे।
जिसपर भाजपा प्रवक्ता दुर्गेश केसवानी ने हमला बोला, उन्होंने कहा कि मैं आपको बता दूं कमलनाथ जी लोकायुक्त को नकली होने की बात कर रहे हैं और आप 2 कदम आगे निकल कर, अधिकारी कर्मचारियों को लाल डायरी का हवाला दे रहे हैं। अरे विधायक जी अगर कांग्रेस की सरकार कार्यकर्ताओं की सरकार होती या फिर कांग्रेस के नेताओं की सरकार होती या तो विधायकों की सरकार होती तो आप ही के लोग कमलनाथ जी को चलो चलो नहीं कर देते, और आप मंच से यह भी हवाला दे रहे हैं की अधिकारी कर्मचारियों के नाम आप लाल डायरी में लिख रहे हैं?




