कमलनाथ ने बीजेपी पर साधा निशाना, बोले- गांव से लेकर वल्लभ भवन तक भ्रष्टाचार, चुनाव के पहले कर रही बड़ी-बड़ी घोषणाएं

प्रणय शर्मा,भोपाल। मध्यप्रदेश की राजधानी भोपाल में आज कांग्रेस कार्यालय में मध्यप्रदेश कांग्रेस नगर एवं ग्राम रक्षा समिति का प्रांतीय सम्मेलन हुआ। सम्मेलन में शामिल प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष कमलनाथ ने बीजेपी सरकार पर जमकर हमला बोलते हुए कहा कि हमारे गांव व प्रदेश में बड़ा भ्रष्टाचार है। गांव से लेकर वल्लभ भवन तक भ्रष्टाचार है। मानदय की चिंता मत करना, आप ग्राम रक्षक हैं और कमलनाथ आपका। सरकार ने लाखों करोड़ों का कर्ज लिया लेकिन आपको क्या मिला। नौजवान के हाथों में काम नहीं है, यहां बेरोजगारी सबसे बड़ी समस्या है।
हमने लाख किसानों का कर्ज माफ किया है। हमें 11 महीने काम करने का मौका मिला, नीति और नियत का परिचय दिया। किसानों से गांव शहर के बाजार चलते हैं। खाद बीज के लिए किसानों को भटकना पड़ रहा है। 100 रुपये में 100 यूनिट बिजली दी। बिजली आये न आये बिल जरूर आता है। आप शांति बनाए रखने का काम करते हैं। मणिपुर में आदिवासियों गैर अदिवासियों के बीच हिंसा चल रहा है। तमिलनाडु हिंदी का विवाद, पंजाब में खालिस्तानी इस सबके लिए भाजपा जिम्मेदार है। भाजपा अब फर्जी, गुमराह करने का काम कर रही है। 18 साल में 22 हजार घोषणाएं की हैं। भाजपा से झूठ भी शर्मा जाता है। 5 महीने पहले यह बड़ी बड़ी घोषणा करेंगे, मैं घोषणा नहीं करता, काम करता हूं, लेकिन आपको वर्दी और मानदेय मिलना चाहिए।
10 जिलों को कवर करेगी “कमलनाथ संदेश यात्रा”
मध्यप्रदेश में पिछड़ा वर्ग (ओबीसी) कांग्रेस ने आज से ‘कमलनाथ संदेश यात्रा’ की शुरुआत की है। कमलनाथ ने यात्रा को झंडी दिखाकर रवाना किया। 12 दिन में ये यात्रा ग्वालियर और बुंदेलखंड के 10 जिलों की 25 विधानसभा सीटों को कवर करेगी। मध्यप्रदेश पिछड़ा वर्ग कांग्रेस के कार्यकारी अध्यक्ष दामोदर यादव इस यात्रा को लीड कर रहे हैं। यादव ने बताया कि ‘कमलनाथ संदेश यात्रा’ में 50 जनसभाओं का आयोजन किया जाएगा। यात्रा भोपाल से शुरू होकर रायसेन, विदिशा, अशोकनगर, गुना, शिवपुरी, छतरपुर, टीकमगढ़, निवाड़ी होकर दतिया पहुंचेगी।