
पश्चिमबंगाल/मध्यप्रदेश – पश्चिम बंगाल में प्रथम चरण के चुनाव के प्रचार के लिए भारतीय जनता पार्टी ने अपने स्टार प्रचारकों की घोषणा कर दी हैं। खास बात ये है कि इस सूची में राज्यसभा सांसद और भाजपा के वरिष्ठ नेता ज्योतिरादित्य सिंधिया का नाम नहीं हैं। स्टार प्रचारकों की सूची में 40 सदस्यों के नाम शामिल हैं। जिसमें मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान, राष्ट्रीय महासचिव कैलाश विजयवर्गीय, मध्य प्रदेश के गृह एवं जेल मंत्री डॉ नरोत्तम मिश्रा, बीजेपी सांसद फग्गन सिंह कुलस्ते के अलावा केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी, स्मृति ईरानी, मणिपुर के सीएम एन बीरेन सिंह, अरुणाचल प्रदेश के सीएम पेमा खांडू, भाजपा उपाध्यक्ष और असम में पार्टी प्रभारी बैजयंत पांडा, चुनाव प्रभारी नरेंद्र सिंह तोमर और सह-प्रभारी जितेंद्र सिंह, भोजपुरी अभिनेता और भाजपा नेता मनोज तिवारी और रवि किसान साथ ही मिथुन चक्रवर्ती का नाम भी इस बंगाल की लिस्ट में शामिल हैं।
शिवराज सिंह समेत इन 40 सदस्यों की सूची में ज्योतिरादित्य सिंधिया का नाम नहीं है जो प्राय हर चुनाव में कांग्रेस में रहते हुए स्टार प्रचारक हुआ करते थे। टॉप 40 की सूची में सिंधिया का नाम नहीं होने पर कांग्रेस को बैठे बिठाए भाजपा और सिंधिया पर हमला बोलने का मौका मिल गया हैं। पूर्व मंत्री सज्जन सिंह वर्मा ने चुटकी ली हैं। उन्होंने कहा है कि बीजेपी में आकर सिंधिया की जो स्थिति हो रही है, उसे लेकर राहुल गांधी के दिल में दर्द हैं। सिंधिया को अपनी अहमियत का आकलन करना चाहिए। सिंधिया का कद एक पार्षद से भी छोटा कर दिया गया हैं।
इससे पहले मध्य प्रदेश में हुए उपचुनाव में स्टार प्रचारकों के लिस्ट में भी ज्योतिरादित्य सिंधिया का नाम दसवें नंबर पर था। जिसको लेकर कांग्रेस ने उस समय भी खूब चुटकी ली थी। खास बात ये भी है कि मंगलवार को कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने ज्योतिरादित्य सिंधिया को लेकर बयान दिया था जिसमें उन्होंने सिंधिया को बैकबेंचर कहा था। अब बंगाल चुनाव के स्टार प्रचारकों के लिस्ट से नाम गायब होने के बाद कांग्रेस ने फिर से ज्योतिरादित्य सिंधिया पर निशाना साधा है और कहा कि सिंधिया बीजेपी के किसी काम के नहीं।