जबलपुर : देखें video आबकारी विभाग के वर्दी वाले चोर, दो एसआई और दो आरक्षक शराब की चोरी करते सीसीटीवी कैमरे में हुए कैद 

जबलपुर : देखें video आबकारी विभाग के वर्दी वाले चोर, दो एसआई और दो आरक्षक शराब की चोरी करते सीसीटीवी कैमरे में हुए कैद 

  देखें video – https://youtu.be/wk29bd27S20

द लोकनीति डेस्क जबलपुर
आबकारी विभाग के कर्मचारी भी अब शराब चोरी में लिप्त हो गए हैं। ताजा मामला मप्र के जबलपुर जिले का है, जहाँ चार ऐसे ही 'वर्दी वाले चोर' सामने आए हैं जो कि अपने ही विभाग से रात के अंधेरे में शराब चोरी कर रहे थे। आबकारी विभाग में पदस्थ इन कर्मचारियों की करतूत सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई,इधर कर्मचारियों का वीडियो सामने आने के बाद आबकारी संयुक्त आयुक्त ने चारों को निलबिंत कर दिया है।  

दो एसआई और दो आरक्षक कर रहे थे शराब चोरी 
दरअसल आबकारी विभाग में पदस्थ दो एसआई और दो आरक्षक चोरी करते हुए सीसीटीवी में कैद हुए। ये लोग आबकारी विभाग के गोरखपुर स्थित कंट्रोल रूम से अलमारी तोड़कर अंग्रेजी शराब की 172 बॉटल चुरा रहे थे, वारदात 29 जनवरी की रात की बताई जा रही है। हैरानी की बात ये है कि चोरी में शामिल दोनों एस.आई 27 जनवरी को ही निलंबित हो चुके थे। 

अब होगी चोरी की एफआईआर कर्मचारियों पर दर्ज 
चोरी की जानकारी लगते ही आबकारी आयुक्त ने 6 फरवरी को दोनों आरक्षकों को भी निलंबित करते हुए FIR दर्ज करने का निर्देश दिया था। इसके बाद भी इनके खिलाफ केस दर्ज नहीं किया गया। जब यह मामला बढ़ा तो गोरखपुर पुलिस ने मंगलवार रात फिर चारों के खिलाफ धारा 408 भादवि और 34 (2) आबकारी एक्ट का प्रकरण दर्ज कर जांच में लिया है।

 

आबकारी कंट्रोल रूम प्रभारी ने दर्ज कराई शिकायत
 गोरखपुर थाने में आबकारी कंट्रोल रूम प्रभारी जी.एल मरावी की ओर से मामले में शिकायत दर्ज कराई गई।  पुलिस को एक पेन ड्राइव भी दी गई है, जिसमें वारदात में शामिल विभाग के दो एस.आई नीरज दुबे और सुधीर मिश्रा सहित दो आरक्षक राकेश बोहरे और जैनेद्र प्यासी की सीसीटीवी फुटेज है। फुटेज 29 जनवरी की रात 7.50 से रात 8.34 बजे की बीच की है। इस फुटेज में चारों आरोपी गोरखपुर थाने के पीछे स्थित आबकारी विभाग के कंट्रोल रूम में प्रवेश करते हुए दिख रहे हैं। 

कंट्रोल रूम प्रभारी जी.एल मरावी की ओर से गोरखपुर थाने में दर्ज कराई गई शिकायत में बताया गया कि चारों आरोपियों ने न्यायालय में लंबित अपराध क्रमांक 04/18 के प्रकरण में कंट्रोल रूम के मालखाना में रखी गईं 172 अंग्रेजी शराब की बॉटल अलमारी तोड़कर चोरी (खुर्द-बुर्द) की हैं। दोनों एसआई नीरज दुबे व सुधीर मिश्रा 27 जनवरी को ही निलंबित हो चुके हैं। वहीं दोनों आरक्षक राकेश बोहरे और जैनेंद्र प्यासी को 6 फरवरी को आबकारी आयुक्त ने निलंबित कर दिया है। 

Exit mobile version