जबलपुर : मुख्यमंत्री और गृह मंत्री के नाम पर 2 लाख रूपए डकार गया भाजपा नेता !

जबलपुर : मुख्यमंत्री और गृह मंत्री के नाम पर 2 लाख रूपए डकार गया भाजपा नेता !
- एनएसए हटवाने के एवज में मांगी थी व्यापारी से 4 लाख की रकम
- पीड़ित ने जबलपुर एसपी और भाजपा अध्यक्ष से की लिखित शिकायत
द लोकनीति डेस्क जबलपुर
मुख्यमंत्री जन कल्याण प्रकोष्ठ के प्रदेश संयोजक और भारतीय जनता युवा मोर्चा के पूर्व नगर अध्यक्ष सोनू बचवानी पर एक व्यापारी ने 2 लाख लेने के बाद 50 हजार वापस कर डेढ़ लाख रुपए डकारने का आरोप लगाया है। व्यापारी द्वारा उक्त आरोप की शिकायत बाकायदा लिखित में जबलपुर के पुलिस अधीक्षक और भाजपा के नगर अध्यक्ष से की गई है।
मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान और गृह मंत्री नरोत्तम मिश्रा के साथ खिंचवाई गई फोटो का लाभ कैसे लिया जाता है, इसकी बानगी जबलपुर में देखने को मिली। जहां पर भाजपा नेता सोनू बचवानी ने आदर्श नगर निवासी लालचंद आसानी से उसके बेटों पर लगी राष्ट्रीय सुरक्षा अधिनियम (एनएसए) की कार्रवाई हटवाने के नाम पर 2 लाख ले लिए। व्यापारी द्वारा जब काम नहीं होने पर पैसे वापस मांगे तो पहले उसे 50 हजार वापस कर दिए। उसके बाद बाकी बचा पैसे देने से इंकार कर दिया गया।
अगर कहीं शिकायत की तो मैं तुम्हें जेल पहुंचा दूंगा बेटों के पास
आदर्श नगर निवासी बुजुर्ग लालचंद ने पुलिस अधीक्षक को सौंपी शिकायत में बताया कि उसकी चना मूंगफली की दुकान है। मेरे पुत्र अजीत दासानी की बिलहरी में चला फैक्ट्री है, जिस पर खाद्य विभाग ने जांच करते हुए अपराध दर्ज किया था। बाद में बिना जांच के ही एनएसए लगा दिया, जिसके चलते मेरे दोनों बेटे अजीत और संजय जेल में हैं, इसके बाद मेरी मुलाकात भाजपा नेता सोनू बचवानी से हुई। सोनू बचवानी ने अपनी ऊंची पहुंच का हवाला दिया, साथ ही मुख्यमंत्री और गृहमंत्री के साथ स्वयं की फोटो दिखाते हुए कहा कि मैं तुम्हारे बेटों पर लगी एनएसए की धारा अलग करवा दूंगा। सोनू ने इस काम के लिए उनसे 4 लाख की मांग की थी, जिस पर भाजपा नेता पर विश्वास करते हुए 2 लाख उन्होंने एडवांस दे दिए। सोनू ने मुझे 10 दिसंबर तक का समय दिया था कि उनके बेटे जेल से बाहर हो जाएंगे, लेकिन 25 जनवरी तक जब मेरे बेटे जेल से बाहर नहीं आए तो मैंने उनसे रुपए मांगे। जिस पर सोनू ने 50 हज़ार अपने रिश्तेदार राजेश भोजवानी द्वारा वापस भिजवा दिए, बाकी डेढ़ लाख रुपए खर्च हो गए नहीं दूंगा जो करना है कर लो और अगर कहीं शिकायत की तो मैं तुम्हें जेल पहुंचा दूंगा बेटों के पास। लालचंद दासानी ने पुलिस अधीक्षक जबलपुर और भाजपा नगर अध्यक्ष से न्याय दिलाते हुए पैसे वापस करवाने की मांग की है।
पूर्व में भी हो चुके हैं इस प्रकार के मामले
बताया जाता है कि सोनू बचवानी के नाम से पूर्व में इस प्रकार के प्रकरण सामने आ चुके हैं, लेकिन हर बार कोई दूसरा सोनू बचवानी निकलकर सामने आ जाता था, लेकिन इस बार जो शिकायत हुई है वह भाजपा नेता सोनू बचवानी के पिता किशोर बचवानी के नाम से हुई है, इस बात की पुष्टि पुलिस अधीक्षक ने की है। कहा जा रहा है कि इस बार भी संभवत ऐसा ही हो क्योंकि भाजपा नेता का मामला है। बहरहाल सच्चाई क्या है इसकी जांच में पुलिस जुट गई है।
इनका कहना
एनएसए हटाने के नाम पर 2 लाख लेने की शिकायत दी गई है, शिकायत की जांच सीएसपी कोतवाली को सौंपी गई है। जांच के बाद ही कुछ कहना मुनासिब होगा।
सिद्धार्थ बहुगुणा, पुलिस अधीक्षक जबलपुर
मेरे पास शिकायत आई है इसमें अभी एक पक्ष सामने आया है। दूसरा पक्ष सोनू बचवानी से इस मामले में स्पष्टीकरण लिया जाएगा, उसके बाद ही कुछ कहा जा सकता है।
एडवोकेट जीएस ठाकुर, नगर अध्यक्ष भाजपा




