जबलपुर न्यू लाइफ मल्टी अस्पताल अग्निकांड : फायर एक्सपर्ट की रिपोर्ट में बड़ा खुलासा, 2 आरोपी अभी भी फरार

जबलपुर : बीती 1 अगस्त को जबलपुर के न्यू लाइफ मल्टी स्पेशियलिटी हॉस्पिटल में आग लगने से स्टाफ के 3 कर्मचारियों सहित कुल 8 लोगों की मौत हो गई थी।
इस भीषण अग्नि कांड के बाद पूरा सिस्टम कटघरे में था। बिना फायर एनओसी और तय मापदंड के न्यू लाइफ मल्टी स्पेशलिटी हॉस्पिटल चलाया जा रहा था। अस्पताल के चार संचालकों और 2 मैनेजर के खिलाफ पुलिस ने गैर इरादतन हत्या के तहत मुकदमा दर्ज किया है। अब तक इस पूरे मामले में 2 मैनेजर समेत दो अस्पताल संचालकों की गिरफ्तारी हो गई है। जबकि 2 अस्पताल संचालक अभी भी फरार हैं।
वहीं, इस अग्निकांड में फायर एक्सपर्ट की रिपोर्ट आ गई है। दरअसल, पुलिस अधीक्षक ने इसकी जांच फायर एक्सपर्ट निलेश कुकुन्दे को सौंपी थी। कुकुन्दे ने अपनी रिपोर्ट सौंप दी है।
निलेश कुकुन्दे द्वारा सौंपी गई रिपोर्ट में कहा गया है कि आग की वजह सिर्फ जनरेटर और शॉर्ट सर्किट ही नहीं था बल्कि अस्पताल में मौजूद मेडिकल वेस्ट को भी सही तरीके से डिस्पोज नहीं किया गया था। इस वजह से आग ज्यादा तेजी से फैल गई।
अब इस अग्नि हादसे की जांच की सरकारी रिपोर्ट आना बाकी है। बता दे कि इस पूरे मामले को लेकर राज्य सरकार की ओर से गठित की गई समिति भी जांच कर रही है। उसकी अध्यक्षता कमिश्नर कर रहे हैं।




