जबलपुर : निर्माण कार्य की धीमी गति के लिए ठेकेदारों पर जुर्माना लगाने के निर्देश : निगमायुक्त अनूप कुमार सिंह

जबलपुर : निर्माण कार्य की धीमी गति के लिए ठेकेदारों पर जुर्माना लगाने के निर्देश : निगमायुक्त अनूप कुमार सिंह
- निगमायुक्त अनूप कुमार सिंह ने किया अमृत योजना के अंतर्गत बन रहे उद्यानों का निरीक्षण
- धीमी गति के लिए ठेकेदारों पर जुर्माना लगाने के निर्देश
- संबंधित उपयंत्री को भी किया जाएगा निलंबित
- आदर्श नगर, शिव नगर, चंद्रशेखर पार्क आदि का निगमायुक्त ने निरीक्षण किया
- अमृत योजना के कार्यों को निर्धारित समयसीमा में पूर्ण कराया जाएगा : श्री अनूप कुमार सिंह
द लोकनीति डेस्क जबलपुर
जबलपुर। नगर निगम द्वारा अमृत योजना के अंतर्गत शहर में अनेकों जनोपयोगी कार्य कराए जा रहे हैं।इस योजना के तहत सीवर, पानी की टंकी के साथ साथ पर्यावरण संरक्षण की दिशा में नगरीय क्षेत्रों में सर्वसुविधायुक्त उद्यानों का भी निर्माण कराया जा रहा है, जिसका निरीक्षण आज निगमायुक्त श्री अनूप कुमार सिंह ने उद्यान अधिकारी श्री आदित्य शुक्ला के साथ किया।
निगमायुक्त श्री सिंह ने ग्वारीघाट रोड स्थित आदर्श नगर, दमोहनाका से आगे शिव नगर, अग्रसेन वार्ड स्थित चंद्रशेखर पार्क का ताबड़तोड़ निरीक्षण कर प्रगति की जानकारी ली।इस दौरान उन्होंने पाया कि निर्माण कार्यों की गति धीमी है, इसके लिए उन्होंने संबंधित ठेकेदारों के साथ साथ उपयंत्रियों को दोषी माना, और अधिकारी को निर्देशित किया है कि संबंधित ठेकेदारों पर जुर्माना लगाएं एवं जो भी उपयंत्री कार्य देख रहा था, उसको निलंबित करने का प्रस्ताव प्रस्तुत करें।
निगमायुक्त श्री अनूप कुमार सिंह ने निरीक्षण के मौके पर कार्यों की गुणवत्ता और धीमी रफ्तार पर अप्रसन्नता जाहिर करते हुए सभी सम्बन्धितों को जमकर फटकार भी लगाई।उन्होंने निर्माण के लिए जो भी समय निर्धारित है, उसी समय पर गुणवत्ता के साथ कार्य पूर्ण करने की चेतावनी दी।




