
जबलपुर : खदान ब्लास्टिंग कारोबारी के बेटे का अपहरण, 2 करोड़ मांगी फिरौती , 20 घंटे नहीं लगा कोई सुराग
- बच्चे की तलाश में बीते 20 घंटे से जुटी पुलिस, नहीं लगा कोई सुराग
- DGP की आमद से पहले अपहरणकर्ताओं की 'अपराध सलामी' से सकते में पुलिस!
- सनसनीखेज अपहरण होने से महकमे में हड़कंप, किसी करीबी का हाथ होने की संभावना
द लोकनीति डेस्क जबलपुर
जबलपुर शहर के प्रतिष्ठित ट्रांसपोर्ट एवं खदान ब्लास्टिंग कारोबारी के13 साल के बेटे के सनसनीखेज अपहरण और 2 करोड़ की फिरौती मांगने वाले अपराधियों का सुराग नहीं मिला। मामले की पड़ताल कर रही पुलिस टीम, किसी करीबी का हाथ होने की संभावना पर काम कर रही है। बच्चे की तलाश में बीते 20 घंटे से जुटी पुलिस हर एंगल पर तफ्तीश कर रही है। डीजीपी विवेक जोहरी के शहर आने से पहले सुनियोजित और सनसनीखेज अपहरण होने से महकमे में हड़कंप मचा हुआ है।
फिरौती के लिए आए कॉल के बाद परिजनों ने दी पुलिस को सूचना
संजीवनी नगर थाना क्षेत्र से कारोबारी के बंगले के समीप से ही कार से आए अपराधियों ने लड़के को उठा लिया था। फिरौती के लिए आए कॉल के बाद परिजनों ने पुलिस को सूचना दी। बच्चे को अपहरणकर्ता से सुरक्षित दस्तयाब करने के लिए देर रात तक एसपी सिद्धार्थ बहुगुणा अधिकारियों के साथ वारदात स्थल से लेकर कई इलाकों में गए, लेकिन पुलिस को सफलता हाथ नहीं लगी । संजीवनी नगर थाने में अपहरण कर्ताओं के विरुद्ध धारा 363, 365 का अपराध पंजीबद्ध किया गया।
कार से आए अपहरणकर्ता, रेकी के बाद किया अपहरण
संजीवनी नगर पुलिस के मुताबिक धनवंतरी नगर चौराहे पर स्थित प्रतिष्ठित दुर्गा मंदिर के पास रहने वाले कारोबारी मुकेश लांबा के 13 वर्षीय पुत्र आदित्य को घर के बाहर से अज्ञात बदमाश जबरदस्ती उठाकर ले गए। कार से आए अपहरणकर्ताओं ने रेकी के बाद यह काम किया । बदमाशों ने वारदात के करीब 2 घंटे बाद लांबा परिवार को फोन कर दो करोड़ रुपए की फिरौती मांगी , रकम कहां और कैसे पहुंचाना है इस संबंध में फिलहाल बदमाशों ने पीड़ित परिवार को कुछ भी नहीं पता है। रात करीब 8:00 बजे से पुलिस की सक्रियता के बाद अपहर्ताओं का फोन नहीं आया पुलिस की अलग-अलग टीमें अपराधियों की सरगर्मी से तलाश कर रही है पुलिस के आला अधिकारियों ने अपहरण के संबंध में मंडला डिंडोरी, नरसिंहपुर' कटनी एवं दमोह पुलिस से भी संपर्क साधा है।
सीसीटीवी फुटेज से संभावना दिखी कार
धनवंतरी नगर में हुई अपहरण के बाद पुलिस को वही कार गोहलपुर थाना क्षेत्र से लगे सीसीटीवी कैमरे की फुटेज में दिखी है पुलिस को संदेह है कि कार डिंडोरी या मंडला की ओर गई है कार के रंग और उसके मॉडल के आधार पर उसकी तलाश की जा रही है आरोपियों की तलाश में साइबर सेल को भी अलर्ट रखा गया है।