जबलपुर : कलेक्टर बोले- कोई भी पात्र व्यक्ति पेंशन पाने से वंचित न रहे

जबलपुर : कलेक्टर बोले- कोई भी पात्र व्यक्ति पेंशन पाने से वंचित न रहे
- कलेक्टर कर्मवीर शर्मा ने नगर परिषद कार्यालय कटंगी में हितग्राही मूलक योजनाओं की समीक्षा
- संबल योजना के हितग्राहियों को सहायता राशि भुगतान में किसी तरह की शिकायत न मिले
द लोकनिति डेस्क जबलपुर
कलेक्टर कर्मवीर शर्मा ने नगर परिषद कार्यालय कटंगी पहुँचकर हितग्राही मूलक योजनाओं की प्रगति तथा कोरोना के संक्रमण की रोकथाम के लिये नगर परिषद द्वारा किये जा रहे कार्यों की समीक्षा की । जिला पंचायत की सीईओ प्रियंक मिश्रा भी इस दौरान उनके साथ थे । कलेक्टर शर्मा ने सामाजिक सुरक्षा पेंशन योजना के हितग्राहियों को समय पर पेंशन का भुगतान सुनिश्चित करने के निर्देश देते हुये कहा कि कोई भी पात्र व्यक्ति पेंशन पाने से वंचित न रहे इस ओर नगरीय क्षेत्र के साथ-साथ ग्रामीण क्षेत्र में भी खास ध्यान देना होगा । कलेक्टर ने सम्बल योजना के तहत हितग्राहियों को सहायता राशि का भुगतान समय पर करने की हिदायत दी । उन्होंने कहा कि संबल योजना के हितग्राहियों को सहायता राशि के भुगतान में किसी तरह की शिकायत नहीं मिलनी चाहिये।

फिजिकल डिस्टेंसिंग का उल्लंघन करने वालों के विरुद्ध कठोर कार्यवाही करें
कलेक्टर ने इस मौके पर कोरोना प्रोटोकॉल के प्रति लोगों को जागरूक करने के साथ-साथ मास्क न पहनने और फिजिकल डिस्टेंसिंग का उल्लंघन करने वालों के विरुद्ध कठोर कार्यवाही करने के निर्देश भी दिये । शर्मा ने दुर्गा पंडालों में कोरोना संक्रमण से बचाव के उपाय प्रदर्शित करते बैनर-पोस्टर लगाने के लिये नगर परिषद की सराहना भी की । उन्होंने दुर्गा पण्डालों को प्रतिदिन सेनिटाइज करने की तथा कटंगी नगर की साफ-सफाई व्यवस्था का ब्यौरा भी लिया । कलेक्टर ने दुर्गा प्रतिमा के विसर्जन के लिये बनाये गये कुंड पर सुरक्षा के सभी इन्तजाम सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिये ।

पन्द्रह दिन में करें लम्बित राजस्व प्रकरणों का निराकरण
कर्मवीर शर्मा ने आज शुक्रवार को कटंगी-मझौली क्षेत्र के अपने प्रवास के दौरान नायब तहसीलदार कार्यालय कटंगी का निरीक्षण कर छह माह से अधिक समय से लंबित राजस्व प्रकरणों का पन्द्रह दिन के भीतर निराकरण करने के निर्देश दिये। शर्मा ने इस मौके पर नायब तहसीलदार न्यायालय में दर्ज दाण्डिक प्रकरणों के निराकरण में भी तत्परता बरतने तथा त्यौहारों के दौरान शांति भंग करने की कोशिश करने वाले तत्वों को बाउंड ओव्हर करने के निर्देश भी दिये हैं । कलेक्टर ने कटंगी में दुर्गा प्रतिमाओं के विसर्जन की तैयारियों की जानकारी भी प्राप्त की तथा विसर्जन स्थल पर साफ-सफाई, प्रकाश एवं सुरक्षा के समुचित इंतजाम सुनिश्चित करने के निर्देश दिये ।
।

.jpeg)


