ISRO ने जारी किया चांद का वीडियो चंद्रमा की सतह पर आधा किमी घूमेगा रोवर

इसरो ने गुरुबार को छह पहियों और 26 किलो वाले प्रज्ञान रोवर का चंद्रमा की सतह पर घूमते हुए वीडियो शेयर किया। चंद्रयान-3 के लैंडर की लैंडिंग के करीब 14 घंटे बाद गुरुवार सुबह ISRO ने रोवर के बाहर आने की पुष्टि की। चांद की सतह पर आते ही रोवर ने सबसे पहले अपने सोलर पैनल खोले। ये 1 सेमी/सेकेंड की गति से चलता है और अपने आस-पास की चीजों को स्कैन करने के लिए नेविगेशन कैमरों का इस्तेमाल कर रहा है। इन तस्वीरों को ऑर्बिटर पर लगे हाई-रिजॉल्यूशन कैमरा से लिया गया है। जोकि चंद्रमा की ऑर्बिट में मौजूद सबसे अच्छे रिजॉल्यूशन वाला कैमरा है। नासा का ऑर्बिटर भी चांद की कक्षा में है, उसका कैमरा भी इतना पावरफुल नहीं है। रोवर 12 दिनों में करीब आधा किमी का सफर तय करेगा। इसमें दो पेलोड लगे हैं जो पानी और अन्य कीमती धातुओं को खोजने में मदद करेंगे।
साथ ही प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी शनिवार को बेंगलुरु में ISRO के हेडक्वार्टर पहुंचकर वैज्ञानिकों को चंद्रयान-3 की सफल लैंडिंग की बधाई देंगे। आपको बता दें कि चंद्रयान-3 को आंध्रप्रदेश के श्रीहरिकोटा से 14 जुलाई को लॉन्च किया गया था। इसे चांद की सतह पर लैंड करने में 41 दिन लगे। इससे पहले 2008 में चंद्रयान-1 को लॉन्च किया गया था। जिसमें चांद पर पानी के बारे में पता चला। उसके बाद 2019 में चंद्रयान-2 चांद के करीब पहुंचा था, लेकिन संतुलन बिगड़ने के कारण लैंड नहीं कर पाया। और 2023 में चंद्रयान-3 ने चांद पर पहुंचकर एक संदेश भेजा जिसमें कहा- ‘मैं अपनी मंजिल पर पहुंच गया हूं।’




