इजराइली स्पाईवेयर पेगासस : दिग्गी राजा बोले, यह रही मेरे लिए सौभाग्य की बात, मुझे फंसाया नहीं जा सकता, क्योंकि मैंने……

मध्यप्रदेश/भोपाल : 10 देशों के मीडिया समूह के कई पत्रकारों ने मिलकर एक खुलासा किया है जिसके तहत यह बात सामने आई है कि इजरायली कंपनी एनएसओ के स्पाईवेयर पेगासस के जरिए दुनिया भर की सरकारों ने नेताओं, मंत्रियों, जजों, पत्रकारों और प्रभावशाली लोगों की जासूसी कराई हैं। फ्रांस की एक संस्था ने इस बारे में जानकारी जुटाई है कि इजरायली जासूसी नेटवर्क का इस्तेमाल भारत में भी किया गया था। भारत के दो केंद्रीय मंत्रियों, 40 से अधिक पत्रकारों, विपक्ष के तीन नेताओं और एक मौजूदा न्यायाधीश सहित बड़ी संख्या में कारोबारियों और अधिकार कार्यकर्ताओं के 300 से अधिक मोबाइल नंबर हो सकता है कि हैक किए गए हों। यह रिपोर्ट रविवार को सामने आने के बाद हंगामा मचा हुआ हैं। हालांकि जासूसी किसने कराई इसका खुलासा अभी नहीं किया गया हैं।
इस मामले को लेकर मध्यप्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री और कांग्रेस के दिग्गज नेता दिग्विजय सिंह का बड़ा बयान सामने आया हैं। दिग्विजय सिंह ने कहा, ‘मैं एक नक्सली से दूसरे को लिखे पत्र में बताए गए उस नंबर पर व्हाट्सऐप पर नहीं हूं, जिसमें पुणे में मेरे खिलाफ मामला दर्ज किया गया था। यह मेरे लिए सौभाग्य की बात रही कि मैंने काफी समय पहले उस फोन (नंबर) का इस्तेमाल करना बंद कर दिया था, इसलिए मुझे फंसाया नहीं जा सकता। साथ ही उन्होंने बताया कि उन्होंने दिसंबर 2019 में पेगासस के जरिए कुछ व्यक्तियों पर कथित जासूसी का मुद्दा पहले ही उठाया था।




