सभी खबरें

इंडियन मेडिकल एसोसिएशन ने चेताया , शुरू हो चुका है कोरोना का कम्युनिटी स्प्रेड, खतरनाक हो रहे हालात

नई दिल्ली – देश में कोरोना वायरस महामारी तेजी से फैल रही हैं और इससे संक्रमितों की संख्या बढ़कर 10.77 लाख के ऊपर पहुंच गई है। इंडियन मेडिकल एसोसिएशन (IMA) का मानना है कि भारत में कोविड-19 का सामुदायिक प्रसार शुरू हो गया है और हालात काफी खराब हैं। आईएमए हॉस्पिटल बोर्ड ऑफ इंडिया के चेयरमैन डॉक्टर वीके मोंगा ने बताया कि ये घातीय बढ़ोतरी है। हर दिन नए मामलों की संख्या लगभग 30 हजार से अधिक बढ़ रही है। ये वास्तव में देश के लिए बहुत बुरी स्थिति है। इसके साथ बहुत सारे कारक जुड़े हुए हैं मगर वायरस अब ग्रमीण क्षेत्रों में भी तेजी से फैल रहा है। ये एक बुरा संकते है और अब लगता है कि समुदायिक प्रसार हो रहा है।

विश्वभर में कोरोना मामलों की जानकारी देने वाले वर्ल्डोमीटर की रिपोर्ट के मुताबिक रविवार (19 जुलाई, 2020) सुबह तक भारत में कोरोना संक्रमितों की संख्या 10,77,864 हो गई है। इनमें 26,828 लोगों की मौत हो चुकी है। हालांकि अच्छी बात ये हैं कि कुल मरीजों में 6,77,630 इलाज के बाद ठीक हुए हैं और एक्टिव केस की संख्या 3,73,406 है। इधर केंद्रीय स्वास्थ्य और परिवार कल्याण मंत्रालय ने आज बताया कि कोरोना से पिछले चौबीस घंटे में 543 लोगों की मौत हो चुकी है और 38,900 नए केस मिले हैं।

भारत में बढ़ते मामले पर डॉक्टर मोंगा कहते हैं कि संक्रमण के केस कस्बों और गांवो में पाए जा रहे हैं, जहां स्थिति को नियंत्रित करना बहुत मुश्किल होगा। उन्होंने कहा, 'दिल्ली में हम संक्रमण को नियंत्रित करने में सक्षम थे। मगर महाराष्ट्र, कर्नाटक, केरल, गोवा, मध्य प्रदेश के बारे में क्या कहेंगे। ये राज्य संभावित हॉटस्पॉट के तौर पर उभर सकते हैं।'

उन्होंने कहा कि ये सभी मुद्दे खासे महत्वपूर्ण हैं और राज्य सरकारों को स्थिति को काबू मं कराने के लिए केंद्र सरकार की पूरी मदद लेनी चाहिए। ये एक वायरल बीमारी है जो तेजी से फैलती है। उल्लेखनीय है कि आईसीएमआर ने अपने ताजा बुलेटिन में बताया कि भारत में अब तक 1,37,91,869 लोगों की टेस्टिंग हो चुकी है, जिसमें 3,58,127 लोगों की टेस्टिंग बीते चौबीस घंटे में हुई है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published.

Back to top button