झाबुआ में सहकारी बैंक के जनरल मैनेजर को पुलिस ने रंगेहाथ रिश्वत लेते हुए पकड़ा

झाबुआ/अंजली कुशवाह: शनिवार को झाबुआ में एक सहकारी बैंक के जनरल मैनेजर डीआर सरोठिया को रिश्वत लेते हुए लोकायुक्त पुलिस ने पकड़ा है। ये रिश्वत सिरोठिया, फसल बीमा राशि मंजूर करने के लिए ले रहे थे. इस काम के लिए उन्होंने कुल 3 लाख रुपए की रिश्वत मांगी थी, जिसमें से वह पहले ही डेढ़ लाख रुपए ले चुके हैं.

ब्रांच मैनेजर ने की थी लोकायुक्त को शिकायत

बता दें कि जिला सहकारी बैंक रामा ब्रांच के मैनेजर वेलसिह पलासिया ने लोकायुक्त एसपी एसएस सव्यसाची को 2 सितंबर इसकी शिकायत की थी. उन्होंने बताया था कि सरोठिया रामा ब्रांच के अधीन आने वाली तीन सोसायटी (कालीदेवी, माछलिया, उमरकोट) के करीब 180 किसानों की बीमा राशि मंजूरी के लिए पोर्टल पर ऑनलाइन एंट्री की जानी है. इसमें से उसने 137 किसानों की राशि मंजूर कर पोर्टल पर अपलोड करने के एवज में 3 लाख रुपए रिश्वत की मांग की थी, जिसमें से डेढ़ लाख रुपए आरोपी ने 19 अगस्त को दबाव बनाकर ले लिए और अब बाकी डेढ़ लाख रुपए की अभी भी मांग की जा रही है.

आरोपी को पकड़ने के लिए बनायीं टीम

मिली जानकारी के अनुसार इस मामले में लोकायुक्त एसपी ने आरोपी को पकड़ने के लिए डीएसपी आनंद यादव, एसएस यादव व टीआई राहुल गजभिये की एक टीम बनाई इधर, सरोठिया ने वेलसिंह को शनिवार दोपहर करीब 12.30 बजे डेढ़ लाख रुपए लेकर अपने झाबुआ स्थित सरकारी क्वार्टर पर बुलाया. इस पर वेलसिंह वहां गए और उसे डेढ़ लाख रुपए दिए, तभी बाहर सक्रिय लोकायुक्त टीम अंदर पहुंची और उसे रंगे हाथों गिरफ्तार कर लिया. आरोपी के खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण (संशोधन) अधिनियम 2018 की धारा-7 के तहत केस दर्ज कर कार्रवाई की जा रही है.

 

Exit mobile version