भिंड में बदमाशों ने चोरी के बाद की मकान मालिक हत्या

By: Anjali Kushwaha

भिंड: भिंड जिले के बरोही थाना क्षेत्र स्थित जौरी ब्राह्मण गांव में रविवार देर रात कुछ अज्ञात बदमाशों ने घर में घुसकर एक व्यक्ति की हत्या कर दी. बदमाश घर के अंदर चोरी की वारदात को अंजाम देने के लिए आए थे. लेकिन मकान मालिक के जागने पर उनकी हत्या कर दी. पुलिस ने अज्ञात बदमाशों के ख़िलाफ़ हत्या का प्रकरण दर्ज करके जांच शुरू कर दी है.

भिंड के बरोही थाना प्रभारी ब्रजेंद्र सिंह सेंगर के मुताबिक, जौरी ब्राह्मण गांव में राजेश उपाध्याय (50) अकेले ही घर में रहते थे. उनकी शादी नहीं हुई थी. पड़ोस में ही मृतक के बड़े भाई रमाशंकर उपाध्याय भी रहते हैं. रात के समय राजेश के घर में कुछ अज्ञात बदमाश घुस आए और वारदात को अंजाम देना चाहा तो राजेश उठ गए. राजेश को उठा हुआ देखकर बदमाशों ने राजेश का मुंह, नाक, हाथ और पैरों को कपड़े से कसकर बांधकर लाठी-डंडों से पिटाई की, जिससे उनके सिर में गहरी चोट आई. राजेश के शरीर पर चाकू के वार के भी निशान मौजूद हैं.

वारदात के दौरान पड़ोस में रहने वाले रमाशंकर को राजेश के घर से शोर सुनाई दी तो वे छत पर चढ़े. उन्होंने छत से देखा तो कुछ लोग रात के अंधेरे में भागते नजर आए. इसके बाद जब रमाशंकर ने राजेश को आवाज दी तो कोई रिस्पॉन्स नहीं मिला. इसके बाद जब वे घर पहुंचे तो राजेश लहुलूहान पड़े थे और उनकी मौत हो चुकी थी. रमाशंकर ने रात करीब 3 बजे पुलिस को इसकी सूचना दी. इस पर पुलिस मौके पर पहुंच गई. पुलिस ने फॉरेंसिंक एक्सपर्ट को बुलाया और जांच शुरू कर दी. फिलहाल पुलिस ने इसे चोरी और हत्या की वारदात बताई है.

Exit mobile version