
ग्वालियर : कुछ समय पहले प्रशासन ने सिरोल स्थित फूटी कॉलोनी में अतिक्रमण को हटाने के लिए नोटिस जारी किए हैं। वहां रहने वाले गरीबों के मकान तोड़े गए थे। जिसके बाद लोग बेघर हो गए है। अब इस कार्रवाई को लेकर आम आदमी पार्टी लगातार प्रदर्शन कर रही है।
वहीं, इस कार्रवाई के खिलाफ विरोध करने बुधवार को AAP की प्रदेश उपाध्यक्ष मनीक्षा सिंह तोमर कलेक्ट्रेट पहुंची, लेकिन वहां दूसरा ही बवाल मच गया। दरअसल, मनीक्षा सिंह तोमर और आम आदमी पार्टी के कार्यकर्ता कलेक्टर से मिलना चाहते थे, लेकिन SDM सीबी प्रसाद कि जिद थी कि कार्यकर्ता उन्हें ही ज्ञापन सौंप दें। ऐसा नहीं करने पर SDM भड़क गए।
SDM ने उन्हें हट-हट… यू जस्ट शटअप, नॉनसेंस लेडी… कह डाला। SDM को भड़कते देखकर AAP नेता मनीक्षा सिंह तोमर भी गुस्से में आ गईं और यू शट अप कह दिया। इस पर वहां विवाद की स्थिति बन गई। वहां पहले से मौजूद पुलिस बल ने हालात पर काबू पाया।
वहीं, आम आदमी पार्टी ने कलेक्टर कौशलेंद्र विक्रम सिंह से SDM सीबी प्रसाद के व्यवहार की शिकायत कर कार्रवाई की मांग की है।
प्रदेश उपाध्यक्ष मनीक्षा सिंह तोमर का कहना है कि जब एक महिला और पार्टी की पदाधिकारी के साथ इस तरह का व्यवहार किया गया है, तो आम व्यक्ति और मजदूरों के साथ प्रशासनिक अधिकारी किस तरह का व्यवहार कर रहे होंगे, इसका साफ अंदाजा लगाया जा सकता है। जब तक SDM के खिलाफ कार्रवाई नहीं होती है वह कलेक्ट्रेट के बाहर ही लगातार प्रदर्शन करती रहेंगी।