खुदा बहरा नहीं है, दिल से पुकारो मिल जाएगा लाउडस्पीकर पर अजान पढ़ने से नहीं : रामेश्वर शर्मा

भोपाल : महाराष्ट्र-उत्तर प्रदेश के बाद अब मध्यप्रदेश में भी लाउडस्पीकर को लेकर बयानबाजी का दौर शुरू हो गया है। प्रदेश के बीजेपी विधायक रामेश्वर शर्मा ने इसे लेकर बड़ा बयान दिया है।
रामेश्वर शर्मा ने कहा कि लोगों की मांग है कि अजान के लिए पांचों टाइम लाउडस्पीकर न चलाया जाए। लाउडस्पीकर से जो अजान होती है, वह ध्वनि प्रदूषण के अंदर ही आता है।
उन्होंने कहा कि लाउडस्पीकर पर अजान पढ़ने से ही खुदा नहीं मिलता है। जब आपकी नमाज का वक्त होता है तो सड़क किनारे आप लोग नमाज पढ़ लेते हैं, तब भी खुदा मिलता है कि नहीं? खुदा बहरा नहीं है, दिल से पुकारो मिल जाएगा।
इस दौरान रामेश्वर शर्मा ने कहा कि लाउडस्पीकर को लेकर कोर्ट की गाइडलाइन का पालन करना चाहिए। ये पालन अजान के दौरान भी होना चाहिए। कोर्ट साफ कह चुका है कि लाउडस्पीकर से भी ध्वनि प्रदूषण होता है। अगर सभी धर्मो के लोग हफ्ते में सभी दिन ही लाउडस्पीकर चलाने लगें तो ध्वनि प्रदूषण बहुत बढ़ जाएगा।
उन्होंने कहा कि समझदार मुस्लिम कोर्ट के निर्देश और लोगों की भावनाओं को समझने की कोशिश करेगा।




