उत्तराखंड के चमोली जिले में फटा ग्लेशियर, कई इलाके बाढ़ से प्रभावित, राहत कार्य जारी

देहरादून: उत्तराखंड के चमोली जिले में ग्लेशियर फटने से इलाके में बाढ़ कि स्थिति उत्पन्न हो गई है। जिले के जोशीमठ इलाके में यह हादसा हुआ है। ग्लेशियर के टूटने से अलकनंदा सहित सहायक नदियों में आई बाढ़ के बाद क्षेत्र में अलर्ट जारी किया गया है। लोगों की सहायता के लिए हेल्पलाइन नंबर भी जारी किए गए हैं। सरकार के अनुसार कोई भी व्यक्ति आपदा परिचालन केंद्र के नम्बर 1070 या 9557444486 पर संपर्क कर सहायता प्राप्त कर सकता है।
मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र सिंह रावत ने घटना के बारे में कोई भी फर्जी वीडियो शेयर कर अफवाह ना फैलाने की अपील की है। हादसे में ऋषिगंगा स्थित एक बिजली परियोजना को भारी नुकसान पहुंचा है। बाढ़ से जिले के निचले क्षेत्रों में खतरा देखते हुए राज्य आपदा प्रतिवादन बल और जिला प्रशासन अलर्ट मोड पर आ गए हैं।
राज्य के वरिष्ठ अधिकारी भी मौके पर पहुंच गए हैं। लोगों से अपील की जा रही है कि वे नदी के किनारे पर न रहें। ग्लेशियर फटने की घटना पर मुख्यमंत्री ने सचिव आपदा प्रबंधन और जिलाधिकारियों से जानकारी प्राप्त की है। आपदा प्रभावित क्षेत्र में कई लोगों के फंसे होने की आशंका है। दो कंस्ट्रक्शन साइट पर काम कर रहे मजदूरों की जान बचाने के लिए पुलिस, राज्य आपदा मोचन बल और आईटीबीपी की टीमें काम कर रही है। अब तक दो शवों को बरामद किया गया है।




