
पायलट की घर वापसी के बाद खत्म हुई गहलोत खेमे के विधायकों की बाड़ेबंदी
जयपुर :- सचिन पायलट की आलाकमान से मीटिंग के बाद घर वापसी हो गई, जिसके बाद अब बड़े बंदी में रहे कांग्रेस के गहलोत समर्थक विधायकों ने चैन की सांस ली क्योंकि आज उनकी बाड़ेबंदी खत्म हुई है. 90 विधायक और 20 कांग्रेस नेता आज यानि बुधवार को विशेष विमान द्वारा जैसलमेर से वापस जयपुर लौटे हैं.
होटल से एयरपोर्ट बस से रवाना होते हुए विधायकों ने गाना गुनगुनाया.” ये मुरादों की हंसी रात किसे पेश करूं”
सचिन पायलट और उनके समर्थक विधायकों की घर वापसी के बाद कांग्रेस सरकार का संकट अब पूरी तरह से टल चुका है. सचिन पायलट ने इस दौरान यह बात भी कही कि जब अशोक गहलोत द्वारा उन्हें निकम्मा कहा गया था तो वह घूंट पीकर चुप रह गए थे. अब यह भी कयास लगाए जा रहे हैं कि क्या वापस से सचिन पायलट को पीसीसी चीफ और उप मुख्यमंत्री नियुक्त किया जाएगा या नहीं…!
विधायकों के जयपुर लौटने से पहले मुख्यमंत्री अशोक गहलोत जैसलमेर गए थे जहां उन्होंने सभी विधायकों और मंत्रियों से चर्चा की थी. ऐसा कहा जा रहा था कि खुद सीएम गहलोत इसी विशेष विमान द्वारा जयपुर वापस लौटेंगे पर फिर उनका जोधपुर जाना तय था जिसकी वजह से वह विधायकों के साथ वापस जयपुर नहीं लौटे.
वहीं शुक्रवार से विधानसभा सत्र भी शुरू होना है. इस बार राजस्थान का विधानसभा सत्र काफी हंगामेदार हो सकता है.
बहरहाल देखना है राजस्थानी राजनीति में आगे आने वाले समय में और क्या-क्या होता है