पूर्व मंत्री ने CM को भेजा 400रू का चेक, कहा अपनी मर्ज़ी से करें इसका इस्तेमाल, लिख डाला ये पत्र

भोपाल : हालही में मध्यप्रदेश के 5 दिनों के शीतकालीन सत्र में अनुपूरक बजट में आदिवासियों के विकास के लिए मात्र 400 रू की राशि का प्रावधान रखा गया। जिसको लेकर सियासत का दौर शुरू हो गया है। अब इस मामले पर कमलनाथ सरकार में मंत्री रहे और मौजूदा विधायक सुरेंद्र सिंह हनी बघेल ने शिवराज सरकार को अड़े हाथों लिया है। साथ ही विधायक ने मुख्यमंत्री शिवराज सिंह के नाम 400 रू का चेक भेजा है।

कांग्रेस विधायक सुरेंद्र सिंह बघेल ने ट्वीट करते हुए लिखा की – शिवराज जी,नमस्कार मध्यप्रदेश के आदिवासी समुदाय के विकास के लिए जो 400रू की राशि अनुपूरक बजट में प्रावधानित की गई है इसकी में घोर निंदा करता हूं। आपको और आपकी सरकार को वह 400रू की राशि चेक के माध्यम से वापस लौटा रहा हूं। इस राशि का इस्तेमाल आप अपनी मर्जी से करने के लिए स्वतंत्र है।

इतना ही नहीं सुरेंद्र सिंह बघेल ने इस मामले को लेकर मुख्यमंत्री शिवराज सिंह को एक पत्र भी लिखा। उन्होंने लिखा की – केंद्र सरकार जहां आदिवासी कल्याण के बजट में लगातार कटौती कर रही है वही आपकी सरकार द्वारा आदिवासियों के लिए अनुपूरक बजट में 400 रू की राशि का प्रावधान यह बताता है कि किस कदर आप की सरकार आदिवासियों के प्रति उदासीन है।
आदिवासी समाज के प्रति आपकी सोच केवल वोटरों तक सीमित है और जब जब चुनाव आते हैं, आप और आपकी सरकार घोषणाएं करके उन्हें लुभाने का प्रयास करते हैं। लेकिन अब मालवा से लेकर महाकौशल तक आदिवासी समाज आपकी सरकार की कथनी और करनी में अंतर समझ गया है।




