सरस्वती शिशु मंदिर वाले बयान पर दिग्विजय सिंह के ख़िलाफ़ हो सकती हैं FIR, राष्ट्रीय बाल आयोग ने DGP को लिखा पत्र

भोपाल/अंजली कुशवाह: मध्य प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह द्वारा सरस्वती शिशु मंदिर पर दिया गया बयान का मामला अब तूल पकड़ता जा रहा है. इस बयान के बाद प्रदेश की राजनीती और भी गर्मा गयी हैं. इस मामले को लेकर राष्ट्रीय बाल आयोग ने मध्यप्रदेश के DGP को पत्र लिखा हैं. उन्होंने पर लिखकर दिग्विजय सिंह के खिलाफ FIR दर्ज करने की मांग की है. बता दें कि इससे पहले BJP प्रदेश अध्यक्ष वीडी शर्मा और राष्ट्रीय महामंत्री कैलाश विजयवर्गीय भी दिग्विजय सिंह के बयान पर भड़क चुके हैं.

क्या था बयान

बता दें कि दिग्विजय सिंह ने कहा था कि हम जिनसे लड़ रहे हैं, उन्हें शिशु मंदिर से ही नफरत सिखाई जाती है. इनकी नफरत के कारण ही देश में दंगे होते हैं. साथ ही उन्होंने केंद्र और राज्य सरकार की जनविरोधी नीतियों को लेकर 19 विपक्षी दलों द्वारा शनिवार को प्रदर्शन के दौरान कहा था कि हिंदुस्तान और पाकिस्तान बनाने की सबसे पहली पहल वीर सावरकर ने की थी.

DGP को लिखे पत्र में FIR की मांग

मिली जानकारी के अनुसार राष्ट्रीय बाल आयोग के राष्ट्रीय अध्यक्ष प्रियंक कानूनगो ने सोमवार को DGP विवेक जौहरी को पत्र लिखकर कहा है कि दिग्विजय सिंह के बयान पर सरस्वती शिशु मंदिर में पढ़ने वाले कुछ बच्चों ने आयोग से संज्ञान लेने का अनुरोध किया है. बच्चों का कहना है कि कांग्रेस नेता के बयान से उन्हें आघात लगा है. कानूनगो ने कहा कि बच्चों के शिकायती से प्रतीत होता है कि दिग्विजय सिंह की टिप्पणी से उनके मान-सम्मान को ठेस पहुंची है. उनकी टिप्पणी भारतीय दंड संहिता की धारा 153A (A)(B), 504 व 505 का उल्लंघन है. इसके साथ ही किशोर न्याय अधिनियम 2015 की धाराओं का उल्लंघन भी हुआ है. आयोग ने DGP से कहा है कि मामले में FIR कर 7 दिन में रिपोर्ट दें. आयोग ने बच्चों की शिकायत की प्रति भी DGP को भेजी है और कहा है कि बच्चों की पहचान को गोपनीय रखा जाए.

BJP नेता कैलाश विजयवर्गीय और वीडी शर्मा भी भड़के

बता दें दिग्विजय सिंह के इस बयान के बाद बीजेपी के महामंत्री कैलाश विजयवर्गीय और प्रदेश अध्यक्ष वीडी शर्मा ने भी दिग्विजय सिंह को आड़े हाथो लिया. उन्होंने इस मामले पर दिग्विजय को जम कर खरी खोटी सुनाई हैं. BJP महामंत्री कैलाश विजयवर्गीय ने रविवार को सोशल मीडिया पर लिखा- दिग्विजय जी, सरस्वती शिशु मंदिर के बच्चे रोज प्रार्थना करते हैं- एक प्रार्थना हे जगदीश्वर, नित्य तुम्हारे चरणों में, लग जाये तन-मन मेरा, मातृभूमि की सेवा में. सरस्वती शिशु मंदिर देश भक्ति की पाठशाला हैं, इन पर अंगुली केवल मतिभ्रम का शिकार व्यक्ति ही उठा सकता है. वीडी शर्मा ने रविवार को छतरपुर में मीडिया से बात करते हुए जवाब दिया कि क्या मदरसों में राष्ट्रवादी लोग तैयार होते हैं? जो व्यक्ति आतंकवाद और नक्सलियों के साथ खड़ा होता है, वह राष्ट्रवादी संगठन RSS और शिशु मंदिर पर सवाल खड़े कर रहा है. सरस्वती शिशु मंदिर में राष्ट्रवाद का पाठ पढ़ाया जाता है, नफरत का नहीं.

 अब आगे ये देखना होगा कि इस मामले पर प्रदेश की राजनीती में क्या हलचल देखने को मिलेगी. साथ ही दिग्विजय सिंह पर इस मामले को लेकर क्या कार्यवाही की जायेगी.

Exit mobile version