जबसे दुष्कर्मियों को फांसी देने का कानून आया, तब से महिलाओं की हत्याओं में हुआ इज़ाफ़ा : CM अशोक गहलोत

राजस्थान : राजस्थान के मुख्यमंत्री अशोक गहलोत (Ashok Gehlot) ने दुष्कर्म की घटनाओं को लेकर बड़ा बयान दिया है। उन्होंने कहा कि दुष्कर्मियों को फांसी देने का कानून अमल में लाए जाने के बाद से दुष्कर्म के बाद महिलाओं की हत्याओं के मामले में इजाफा हुआ है। उन्होंने कहा कि रेप करने वाला सोचता है कि कल यह मेरे खिलाफ गवाह बन जाएगी तो उससे बचने के लिये वह उसकी हत्या कर देता है।

मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने कहा है कि निर्भया कांड के बाद जब से यह किया गया कि रेपिस्ट को फांसी की सजा मिलेगी उसके बाद से बच्चियों की रेप के बाद हत्याएं बहुत बढ़ रही हैं।

हालांकि, राजस्थान बीते 3-4 साल से रेप की वीभत्स घटनाओं को लेकर देशभर में काफी सुर्खियों में रहा है। रेप की कई घटनाओं को लेकर राजस्थान में काफी बवाल मच चुका है। राजस्थान में महिलाओं के खिलाफ होने वाले अत्याचारों को लेकर गहलोत सरकार लगातार विपक्ष के निशाने पर रही है।

एक रिपोर्ट के अनुसार राजस्थान में हर साल तकरीबन 2000 बच्चियों से दुष्कर्म हो रहे हैं।जनवरी 2020 से जनवरी 2022 तक नाबालिग बच्चियों से दुष्कर्म के 4091 (पोक्सो एक्ट) केस दर्ज हुए हैं। वहीं दो साल में महिलाओं से दुष्कर्म के कुल 11,368 केस दर्ज हुए हैं। दो साल में 26 मामले ऐसे हैं जिनमें दुष्कर्म के बाद हत्या कर दी गई।

गौरतलब है कि मुख्यमंत्री गहलोत द्वारा दिए गए इस बयान के बाद एक बार फिर देश में ये मुद्दा गरमा गया है।

Exit mobile version