Elon Musk नहीं खरीदेंगे Twitter, रद्द की डील, 7 फीसदी तक गिरे शेयर

ग्लोबल डेस्क : दुनिया के सबसे अमीर इंसान एलन मस्क ने अप्रैल में ट्विटर को 44 अरब डॉलर में खरीदने की घोषणा की थी। उसके बाद कई बार ऐसे मौके आए, जब लगा कि वह इस डील पर कायम रहेंगे या रद्द कर देंगे।
इसी बीच एलन मस्क ने आखिरकार ट्विटर को खरीदने की डील रद्द कर दी है। मस्क की इस घोषणा के बाद ट्विटर के शेयर 7 फीसदी तक गिर गए।
रॉयटर्स की खबर के मुताबिक, मस्क ने डील रद्द होने के लिए ट्विटर को ही जिम्मेदार ठहराया है। उन्होंने कहा कि ट्विटर फर्जी अकाउंट्स के बारे में जानकारी देने में नाकाम रहा। विलय समझौते की कई शर्तों को तोड़ने का भी आरोप लगाया।
बताया जा रहा है कि इस सौदे को रद्द करने के लिए एलन मस्क को भारी रकम चुकानी पड़ सकती है। विलय समझौते की शर्तों का पालन न करने पर 1 अरब डॉलर की ब्रेक-अप फीस लगाई जा सकती है।
जबकि, 16 साल पुरानी सैन फ्रांसिस्को की कंपनी ट्विटर और एलन मस्क के बीच अब लंबी अदालती लड़ाई छिड़ सकती है क्योंकि ट्विटर के चेयरमैन ब्रेट टायलो ने कहा है कि कंपनी बोर्ड ने विलय समझौते को लागू कराने के लिए अदालत का रुख करने का फैसला किया है।




