
खंडवा : सोमवार को मध्यप्रदेश के खंडवा ज़िले पहुंचे वन मंत्री विजय शाह ने पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह पर भी अपनी जमकर भड़ास निकाली। वन मंत्री ने कहा कि दिग्विजय सिंह, ओसामा बिन लादेन को ओसामा बिन लादेन जी कह कर बुलाते हैं। दिग्विजय को ओसामा पर बड़ा प्यार आ रहा है। जो दुनिया का देशद्रोही है जो दुनिया को मारने वाला है दिग्विजय सिंह उसे सम्मान देते हैं। दिग्विजय सिंह को शर्म नहीं आती है इसलिए मैं यह नहीं कहूंगा कि तुम चुल्लू भर पानी में डूब मरो, यह बोल कर मैं अपना मुंह खराब नहीं करूंगा।
उन्होंने कहा कि भारतीय जनता पार्टी (BJP) किसी भी वीरों को भूल लेने वाली नहीं है। जिन्होंने स्वतंत्रता संग्राम में अपना योगदान दिया है अपने प्राणों की आहुति दी है उनको ढूंढ-ढूंढ कर लाएंगे उन्हीं के बलिदानों को जनता के सामने लाएंगे। विजय शाह ने कांग्रेस पर निशाना साधते हुए कहा कि देश में कांग्रेस की सरकार हमारे देश के वीरों को भूल गए थे। जिन्होंने इस देश की आजादी दिलाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई थी कांग्रेस ने देश से इतिहास को छुपाया है। पहले हमारी देश की सीमाओं पर रक्षा करने वाले सैनिकों के सिर काटे जाते थे। अब हमारी देश की तोपों और मिसाइल पाकिस्तान की ओर है। पूरे हथियार पाकिस्तान की ओर मोड़ दिए हैं।
मालूम हो कि शनिवार को केंद्रीय मंत्री अमित शाह के जबलपुर कार्यक्रम के दौरान मंत्री विजय शाह को शंकरशाह-रघुनाथशाह की प्रतिमा पर पुष्पांजलि अर्पित करने से पुलिस ने रोक दिया और अंदर नहीं जाने दिया था। मंत्री विजय शाह को इस तरह रोक देने पर सियासत गरमा गई थी। इस पूरे घटनाक्रम को लेकर मप्र के पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह का बड़ा बयान सामने आया था।
दिग्विजय सिंह ने कहा था कि अगर उन्हें लग रहा है कि उनकी बेइज्जती हुई है तो फिर उनके पास दो विकल्प है। पहला यह कि वह स्वयं अपने मंत्री पद से इस्तीफा दे दें। दूसरा मुख्यमंत्री को हटाने की मुहिम में जुट जाएं। वहीं, सोमवार को खंडवा में सेवा और समर्पण के तहत प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्म सप्ताह के तहत गौरी कुंज सभागृह में आयोजित कार्यक्रम में पहुंचे मंत्री शाह ने दिग्विजय सिंह और कांग्रेस को अड़े हाथों लिया, और जमकर निशाना साधा।