धार कारम डैम लीकेज : मंत्री तुलसी सिलावट का बड़ा बयान, रातभर चला कार्य, सभी आला अधिकारी रहे मौजूद

धार : मध्यप्रदेश के धार में शुक्रवार को उस समय हड़कंप मच गया था जब यहां कारम डैम में लीकेज होने की ख़बर मिली। इसके बाद आनन फानन में निचली बस्ती के कई गांव को अलर्ट किया गया और इन गांवों को खाली कराया गया।
वहीं, अब इस मामलें में जल संसाधन मंत्री तुलसीराम सिलावट का बड़ा बयान सामने आया हैं।
मंत्री तुलसी सिलावट ने बताया है कि मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान कारम डैम के संबंध में लगातार संपर्क बनाए हुए हैं और सरकार सजगता से कार्य कर रही है। यहां आपदा प्रबंधन के लिए सेना की इकाई भी पहुंच चुकी है और राष्ट्रीय एवं राज्य आपदा प्रबंधन दल भी काम प्रारंभ कर चुका है।
मंत्री तुलसी सिलावट ने बताया कि निर्माणाधीन कारम डैम में एक किनारे से सुरक्षित तरीक़े से पानी की निकासी की जा व्यवस्था की जा रही है ताकि बाँध की दीवारों पर पानी का दबाव कम किया जा सके।
उन्होंने बताया कि उद्योग संवर्धन मंत्री राज्यवर्धन सिंह दत्तीगांव, संभागायुक्त डॉक्टर पवन कुमार शर्मा पुलिस महानिरीक्षक राकेश कुमार गुप्ता, अन्य वरिष्ठ अधिकारियों के साथ आपदा प्रबंधन कार्य संचालित कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि सभी ग्रामवासियों को आश्वस्त किया है कि किसी भी प्रकार की जन धन हानि नहीं होने दी जाएगी और इस बाबत सभी इन्तेजाम सुनिश्चित कर लिए गए हैं। सारी रात बांध के बाई तरफ पहाड़ से लगकर पानी निकासी हेतु खुदाई जारी रही। यह कार्य अभी भी चल रहा है। साथ ही आला अधिकारी इसकी मोनिटरिंग भी कर रहें है।




