धार : टूट गया कारम नदी पर बना बांध, बने चिंताजनक हालात

धार : मध्यप्रदेश के धार से इस समय की बड़ी ख़बर आ रहीं है जहां कारम नदी पर बना बांध टूट गया है। बताया जा रहा है कि पूरी मशक्कत के बाद भी ये बांध नहीं बच पाया और आज टूट गया।
इससे पहले शुक्रवार को कारम डैम में लीकेज होने की ख़बर मिली थी। इसके बाद आनन फानन में निचली बस्ती के कई गांव को अलर्ट किया गया और इन गांवों को खाली कराया गया।
वहीं, जल संसाधन मंत्री तुलसीराम सिलावट का भी इसपर बड़ा बयान सामने आया था। मंत्री तुलसी सिलावट ने कहा था कि सभी ग्रामवासियों को आश्वस्त किया है कि किसी भी प्रकार की जन धन हानि नहीं होने दी जाएगी और इस बाबत सभी इन्तेजाम सुनिश्चित कर लिए गए हैं। सारी रात बांध के बाई तरफ पहाड़ से लगकर पानी निकासी हेतु खुदाई जारी रही। यह कार्य अभी भी चल रहा है। साथ ही आला अधिकारी इसकी मोनिटरिंग भी कर रहें है।
जबकि, सुबह खुद मुख्यमंत्री शिवराज ने मंत्रालय में इसको लेकर हाई लेवल मीटिंग की थी। जिसमें उन्होंने कहा था कि अभी परीक्षा का समय है।
जानकारी के मुताबिक, यह बांध कारम नदी पर बना हुआ है। इसका निर्माण 304 करोड़ रुपए की लागत में हुआ है। लेकिन अब इसको लेकर ठेकेदार की लापरवाही सामने आ रही है।
बहरहाल, डैम टूटने के बाद जो वीडियो सामने आए है उसको देखने के बाद गांवों की हालत क्या है इसका अंदाज़ा नहीं लगाया जा सकता। पानी का बहाव इतना तेज है कि हालत चिंताजनक बने हुए है। फिलहाल अभी सेना की मदद से पूरा मोर्चा संभाला जा रहा है।




