पुलिस को चकमा देकर मस्जिद पहुंचे भीम आर्मी के प्रमुख चन्द्रशेखर आजाद को पुलिस ने हिरासत में लिया

नई दिल्ली – भीम आर्मी के प्रमुख चन्द्रशेखर आजाद को शनिवार तड़के जामा मस्जिद के बाहर से हिरासत में लिया गया। बता दे कि शुक्रवार को दिल्ली पुलिस ने उन्हें हिरासत में लेने की कोशिश की थी, लेकिन आजाद पुलिस को चकमा देकर जामा मस्जिद पहुंचे थे। और नागरिकता संशोधन कानून के विरोध में जामा मस्जिद इलाके में प्रदर्शन कर रहे थे। 

दरअसल गुरुवार को  चंद्रशेखर ने घोषणा की थी कि वह शुक्रवार को दिल्ली के जामा मस्जिद से जंतर मंतर तक मार्च निकालेंगे। पुलिस इस तैयारी में थी कि चंद्रशेखर को पहले ही हिरासत में ले लिया जाएगा। हालांकि, चंद्रशेखर पुलिसकर्मियों को झांसा देकर जामा मस्जिद के अंदर दाखिल हुए और पुलिस घंटों तक हिरासत में लेने के लिए उनकी तलाश करती रही।

लेकिन आज उन्हें जामा मस्जिद के बाहर से हिरासत में लिया गया। 

इस दौरान उन्होंने कहा कि, ‘‘ हमें बलिदान देना होगा ताकि कानून वापस लिया जाए। हम हिंसा का समर्थन नहीं करते। हम शुक्रवार सुबह से मस्जिद के अंदर बैठे थे और हमारे लोग हिंसा में शामिल नहीं थे।

बताया जा रहा है कि दिल्ली पुलिस चंद्रशेखर आजाद को दरियागंज पुलिस स्टेशन लेकर पहुंची जिसके बाद उनको मेडिकल के लिए ले जाया गया।

इससे पहले चंद्रशेखर ने खुद ही ट्वीट करके कहा कि दिल्ली गेट से गिरफ्तार किए गए सभी लोगों को रिहा कर दिया जाए तो वह अपनी गिरफ्तारी देने के लिए तैयार हैं। 

Exit mobile version