
रसूखदारों के आगे प्रशासन ने घुटने टेके ,
अतिक्रमण के नाम पर मुंह देखी की कार्रवाई
11 को रहेगा दमोह बंद
दमोह से शंकर दुबे की रिपोर्ट : – शहर में अवैध कब्जों को हटाने की कार्रवाई लगातार जारी है। वहीं मुंह देखी कार्रवाई होने से लोगों में धीरे-धीरे आक्रोश पनप रहा है। लेकिन जिला प्रशासन इस ओर ध्यान नहीं दे रहा है।
प्रदेश के मुखिया शिवराज सिंह चौहान की फटकार के बाद अन्य जिलों के साथ दमोह में भी अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई लगातार जारी है। रुक रुक कर ही सही लेकिन पिछले 10 दिन से अतिक्रमण हटाए जा रहे हैं। पूरे मामले में गौरतलब है कि अभी तक जो अतिक्रमण हटाए गए हैं वह केवल कच्चे अतिक्रमण ही हटाए गए हैं। रसूखदारों के पक्के अतिक्रमण की तरफ देखना भी प्रशासन मुनासिब नहीं समझ रहा है ? पिछले 3 दिन से लगातार अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई जारी है। जिसमें जटा शंकर कॉलोनी में एक भूमाफिया, पुलिस लाइन के पीछे तथा बस स्टैंड और कचौरा मार्केट के कुछ अतिक्रमण हटाए गए थे। उसके बाद आज पुनः अतिक्रमण हटाने की चेतावनी लोगों को दी गई। जिसके बाद अस्पताल चौराहा से बैंक चौराहा तक के दुकानदारों ने अपने टीन शेड हटा लिए तथा सामान दुकान के अंदर कर लिया। कुछ चाय पान की टपरी वालों ने भी अपनी दुकानें समेट ली। इसके अलावा भारी पुलिस बल एवं प्रशासनिक अधिकारियों की मौजूदगी में बस स्टैंड की तरफ खुलने वाली हॉस्पिटल के गेट का अतिक्रमण हटाकर रास्ता बनाया गया।
रसूखदार जस के तस : –
जहां एक और अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई की वाहवाही हो रही है। दूसरी ओर लोगों में आक्रोश पनप रहा है। आमजन का कहना है कि उनके अतिक्रमण तो बलपूर्वक प्रशासन ने हटा दिए लेकिन रसूखदारों के अतिक्रमण नहीं हटाए जा रहे हैं। नगर के कई इलाके ऐसे हैं जहां पर लोगों ने पक्के निर्माण कर रखे हैं। प्रशासनिक अमला उस ओर ध्यान नहीं दे रहा है। ऐसा माना जा रहा है कि जिला प्रशासन ने रसूखदारों के आगे अपने घुटने टेक दिए हैं। यही वजह है कि आमजन में अतिक्रमण विरोधी मुहिम के प्रति आक्रोश पनप रहा है। शहर के सिविल वार्ड 5 और 6 में लोगों ने नालियों के ऊपर भी कब्जे कर पक्के मकान बना लिए हैं। ठीक इसी तरह दिल्ली कारखाने के पास नाली के ऊपर पक्के अतिक्रमण किए गए हैं। इसके अलावा राय चौराहा पर भी कुछ रसूखदारों ने 20-20 फिट तक पक्के अतिक्रमण किए हैं जो हटाए नहीं जा रहे हैं।
11 को दमोह बंद : –
बजरंग दल के जिला संयोजक पवन रजक ने बताया कि हमने जो स्थान अतिक्रमण हटाने के लिए प्रशासन को चिन्हित कराए थे। वहां का एक भी अतिक्रमण अब तक नहीं हटाया गया है। जिसके विरोध में हम 11 जनवरी को दमोह बंद कर रहे हैं। इसकी सूचना पूर्व में ही प्रशासन को दी जा चुकी है । इसके साथ ही मुर्शिद बाबा के मैदान में धरना दिया जाएगा।