दमोह : जिला अस्पताल में हुई ऑक्सीजन सिलेंडरों की लूट, मची अफरा तफरी, पुलिस भी लौटी

मध्यप्रदेश/दमोह – मध्यप्रदेश के दमोह में हालात इतने खराब हो गए कि मंगलवार रात जब यहां जिला अस्पताल में ऑक्सीजन सिलेंडर पहुंचते ही अफरा-तफरी मच गई। अस्तपाल में भर्ती मरीजों ने इन सिलेंडरों को लूट लिया। लोग एक की जगह दो-दो सिलेंडर लूट ले गए। इतना ही नहीं जब स्टाफ ने परिजनों से सिलेंडर मांगे तो उन्होंने गालियां देना शुरू कर दिया।
बता दें, नियमों के मुताबिक, एक मरीज को एक ही सिलेंडर मिल सकता है, लेकिन डर की वजह से परिजनों ने दो-दो रख लिए। इससे अजीबो-गरीब स्थिति बन गई।
वहीं, मामला इतना बढ़ गया कि सुलझाने के लिए पुलिस बुलानी पड़ी। बताया जा रहा है कि ASP शिव कुमार सिंह फोर्स के साथ रात को ही अस्पताल पहुंच गए। उन्होंने मरीजों के परिजनों पर सिलेंडर वापस करने के लिए दबाव भी बनाया, लेकिन किसी ने नहीं दिए। कुछ देर बाद ASP वापस लौट गए।
इधर, इस पूरे मामले में CMHO डॉक्टर संगीता त्रिवेदी और सिविल सर्जन डॉक्टर ममता तिमोरी ने बताया कि हम पिछले 4 दिनों से पुलिस सुरक्षा की मांग कर रहे हैं, लेकिन सुनी नहीं जा रही। SP को भी आवेदन दे दिया गया है, लेकिन फिलहाल कुछ इंतजाम नहीं हो सका।
मालूम हो कि दमोह में होने वाले उपचुनाव के चलते जिले में लॉक डाउन नहीं लगाया गया था। यहां उपचुनाव के चलते जोरों शोरों से प्रचार प्रसार किया गया, जिसके बाद संक्रमित लोगों की संख्या में लगातार इज़ाफ़ा हो रहा हैं। कोरोना संक्रमण ने इंसान की क्या मानसिक हालत कर दी है, इसका अंदाजा इस खबर से लगाया जा सकता हैं।



.jpg)
