दमोह : मृतक अजय मुड़ा को न्याय दिलाने, कई संगठनों ने कलेक्टर को दिया ज्ञापन

3 दिन में नहीं हुई कार्यवाही तो आंदोलन करेंगे हिंदू संगठन
मृतक अजय मुड़ा को न्याय दिलाने कई संगठनों ने कलेक्टर को दिया ज्ञापन
दमोह से शंकर दुबे की रिपोर्ट : – बीती 28 तारीख को हुई अजय मुड़ा की हत्या के मामले में आज आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग तथा कई अन्य मांगों को लेकर विभिन्न संगठनों ने आज कलेक्टर से मुलाकात कर ज्ञापन सौंपा।
सोमवार की रात बजरिया वार्ड नंबर 5 में चमड़ा फैक्ट्री के पास अजय मुड़ा कि की गई हत्या के विरोध में आज विभिन्न संगठन के लोग एकत्र हुए। संगठन के लोगों ने कलेक्टर तरुण राठी से मुलाकात कर अजय मुड़ा के परिजनों को पुलिस सुरक्षा प्रदान किए जाने तथा आरोपियों को शीघ्र गिरफ्तार करने की मांग की।
बजरंग दल के जिला संयोजक पवन रजक ने कहा कि समुदाय विशेष के लोगों ने जिहादी तरीके से अजय मुड़ा की हत्या की है। इन लोगों पर एनएसए की कार्यवाही होना चाहिए। रजक ने कहा कि यदि प्रशासन 3 दिवस के अंदर कार्यवाही नहीं करता है तो सभी संगठन आंदोलन करने मजबूर होंगे। युवा व्यापारी संघ के अध्यक्ष संजय यादव ने मांग की है कि समुदाय विशेष के लोगों को एक बार दुकान आवंटित हो चुकी हैं उसके बाद भी वह अनावश्यक रूप से शहर में कई जगह कब्जा किए हुए हैं। हिंदू लोगों को परेशान करते हैं। तत्काल अतिक्रमण हटाए जाएं तथा उन पर सख्त कार्रवाई की जाए। विभिन्न संगठनों के लोगों ने बताया कि आरोपी पक्ष द्वारा पीड़ित पक्ष के परिजनों पर केस वापस लेने का दबाव बनाया जा रहा है । तथा उन्हें जान से मारने की धमकी दी जा रही है । अतः पीड़ित परिजनों को सुरक्षा मुहैया कराई जाए। इसके साथ ही शहर में समुदाय विशेष के लोगों द्वारा जगह-जगह अवैध रूप से मीट मटन बेचा जा रहा है। जिससे आमजन को परेशानी होती है अतः शीघ्र ही कार्यवाही कर मीट का व्यापार करने वालों पर कार्रवाई की जाए।
कई संगठनों ने दिया ज्ञापन : –
शिक्षक अजय मुड़ा की हत्या के विरोध में विश्व हिंदू परिषद, भारतीय मजदूर संघ, श्री श्री राम परिषद, मोबाइल एसोसिएशन, युवा व्यापारी संघ, जिला कलचुरी महासभा, जिला व्यापारी महासंघ, किराना व्यापारी संघ सहित कई अन्य संगठनों ने ज्ञापन सौंपकर पीड़ित पक्ष को न्याय दिलाने की मांग की। इस अवसर पर विश्व हिंदू परिषद के नरेंद्र जैन, बजरंग दल संयोजक पवन रजक, जिला कलचुरी महासभा के अध्यक्ष राजा राय, विवेक सेन, नंदराम सिंधी, धर्मेंद्र चौबे, अंबर मिश्रा, बबलू मंगलम, नित्या प्यासी, राजेश मोंगिया सहित बड़ी संख्या में विभिन्न संगठनों के प्रतिनिधि उपस्थित थे। 




