पीईबी परीक्षा का इंतजार करने वाले छात्रों के सामने संकट, दिसंबर तक नहीं होगी कोई भी परीक्षा

- बड़ी संख्या में पीईबी परीक्षा का इंतजार कर रहे थे छात्र
- ढाई लाख पर ओवरएज का संकट
- दिसंबर तक नहीं होंगी पीईबी की परीक्षाएं
भोपाल/गरिमा श्रीवास्तव: PEB परीक्षा पास कर नौकरी का इंतजार करने वालों के सामने बड़ा संकट खड़ा हो गया है। दरअसल, पीईबी इस साल दिसंबर तक कोई भी परीक्षाएं आयोजित नहीं करेगा इसमें भर्ती परीक्षाएं भी शामिल है। जिसके बाद लगभग ढाई लाख लोगों के सामने ओवरएज की समस्या आ खड़ी हुई है। ये वे युवा हैं, जो पिछले साल ही 33 वर्ष की आयु पूरी कर चुके हैं और अब परीक्षा के लिए आयु सीमा 38 वर्ष करने की मांग कर रहे हैं। अभी ये सीमा 33 वर्ष ही है।
बताया जा रहा है कि जिस एजेंसी के जरिए पीईबी परीक्षाएं आयोजित कराती है, फिलहाल उसकी जांच चल रही है। हाल ही में पीईबी ने भर्ती परीक्षाओं में बड़ी गड़बड़ी मिलने के बाद ग्रामीण कृषि विस्तार अधिकारी सहित तीन परीक्षाएं निरस्त कर दी थीं। वहीं, पीईबी के अध्यक्ष आईसीपी केशरी का कहना है कि पीईबी की परीक्षाएं दिसंबर तक नहीं होंगी। अब तक किसी परीक्षा की तारीख घोषित नहीं है। केवल संभावित महीने दिए गए थे। हाल ही में निरस्त की गई तीन परीक्षाओं की भी अब तक तारीख घोषित नहीं हो सकी है।
बता दे कि सरकार ने दिसंबर 2017 में पटवारी भर्ती परीक्षा कराई थी। 9235 पद भरने थे। अगस्त 2018 से शुरू हुई काउंसलिंग में 2 हजार उम्मीदवार शामिल नहीं हुए। सरकार फरवरी 2020 तक 8 राउंड की काउंसलिंग कर चुकी है। फिर भी 1235 पद खाली हैं। चयनित अभी भी पोस्टिंग के इंतजार में हैं। मंत्रालय सूत्रों के मुताबिक सबसे ज्यादा 70 हजार पद शिक्षकों के खाली हैं, जिनमें से 30 हजार पदों पर नियुक्ति के लिए भर्ती परीक्षा से लेकर उम्मीदवारों के सिलेक्शन तक की कार्रवाई पूरी हो चुकी है। लेकिन, संबंधितों के नियुक्ति आदेश सिलेक्शन प्रक्रिया पूरी होने के 3 साल बाद भी जारी नहीं हुए हैं।
मिली जानकारी के अनुसार राज्य सरकार के पुलिस, स्कूल शिक्षा, वन, स्किल डेवलपमेंट और स्वास्थ्य विभाग सहित 7 विभागों में अलग-अलग श्रेणी के 1 लाख 16 हजार पद खाली हैं। इन पदों को प्रोफेशनल एग्जामिनेशन बोर्ड, एमपी पीएससी जैसी एजेंसियों से भर्ती परीक्षा कराकर भरा जाना है। जबकि प्रदेश के 29 लाख से ज्यादा युवा ऐसे हैं, जिन्हें इन पदों पर भर्ती शुरू होने का इंतजार है।
.jpeg)



