Barwani :- कोर्ट का निर्णय सर्वोपरी मान करें आदर- कलेक्टर

बड़वानी जिले के कलेक्टर श्री अमित तोमर ने सोमवार को आयोजित शांति समिति की बैठक में उपस्थित शासकीय व अशासकीय सदस्यों से़ कहा कि अयोध्या का फैसला जल्दी आने वाला है। देश की सर्वोच्च संस्था के फैसले पर कोई भी अशांति न फैलाये इसकी जिम्मेदारी पुलिस प्रशासन के साथ सभी नागरिको की भी हैं। जिले में शांति व्यवस्था बनाये रखने में अपना योगदान दे।
बैठक के दौरान कलेक्टर एवं पुलिस अधीक्षक श्री डीआर तेनीवार ने बताया कि शांति व्यवस्था बनाये रखने के लिए शीघ्र ही सम्पूर्ण जिले में धारा 144 लागू की जा रही है। इसके तहत अशांति फैलाने, सोशल मीडिया पर आपत्तिजनक संदेश वीडियों पोस्ट करने वालों के विरूद्ध तत्काल कठोर कार्यवाही की जायेगी।
साथ ही बताया कि बिना अनुमति के कोई भी सभा,जुलूस,प्रदर्शन नही कर पायेगा। किसी भी आयोजन के पूर्व उसकी अनुमति लेना अनिवार्य होगा। बिना अनुमति के कोई भी आयोजन अवैध माना जायेगा।
बैठक के दौरान उपस्थित अशासकीय सदस्यों ने कहा कि किसी भी आयोजन में डीजे का उपयोग प्रतिबंधित किया जाये। सर्वोच्च न्यायालय का फैसला किसी भी पक्ष में आये, कही पर कोई जुलूस.आयोजन की अनुमति नही दी जाये। ग्राम.नगर सुरक्षा समिति के पदाधिकारियों का उपयोग सामाजिक पुलिस के रूप में लिया जाये। बैठक के दौरान उपस्थित समस्त धर्मो के सदस्यों ने जिला प्रशासन को विश्वास दिलाया कि बड़वानी जिले में शांति व्यवस्था बनाये रखेगें।
बैठक में कलेक्टर श्री अमित तोमर, पुलिस अधीक्षक श्री डीआर तेनीवार, जिला पंचायत सीईओ श्री मनोज सरियाम, अपर कलेक्टर श्रीमती रेखा राठौर सहित अन्य विभागों के जिला अधिकारी उपस्थित रहे।

Exit mobile version