
31 टीमें घर-घर पहुंचेगी और करेंगी सर्वे
किल कोरोना अभियान की शुरूआत : कोविड-19 के खिलाफ आज से शुरू होगी कवायद, सिहोरा तहसील में एक लाख 80000 की जनसंख्या तक 15 दिन में पहुंचने का लक्ष्य
सिहोरा
कोविड-19 संक्रमण की रोकथाम और संक्रमित मरीजों को चिन्हित कर उनकी टेस्टिंग करने के लिए बुधवार से किल कोरोनावायरस की शुरुआत सिहोरा तहसील के सिविल हॉस्पिटल में हो गई।
स्पेशल फीवर स्क्रीनिंग कैंपेन किल करोना अभियान का शुभारंभ जनप्रतिनिधियों प्रशासनिक अधिकारियों और डॉक्टरों की उपस्थिति में किया गया। भाजपा प्रदेश कार्यसमिति सदस्य राजा मोर, भाजपा नगर मंडल अध्यक्ष माधव मिश्रा, पूर्व मनोनीत पार्षद विनय जैन, एसडीएम चंद्र प्रताप गोहिल सीडीपीओ इंद्र कुमार साहू, ब्लॉक मेडिकल ऑफिसर डॉ दीपक गायकवाड, सिहोरा सिविल अस्पताल के प्रभारी डॉ आरके त्रिपाठी ने अभियान में शामिल आंगनबाड़ी कार्यकर्ता, स्वास्थ्य कार्यकर्ता, एमपीडब्ल्यू और एएनएम को किट प्रदान करने के बाद रवाना किया। मध्यप्रदेश शासन स्वास्थ्य विभाग एवं महिला बाल विकास 31 टीमें सिहोरा तहसील की 180000 जनसंख्या तक पहुंचकर ऐसे लोगों का सर्वे करेगी। जिनमें कोविड-19 के संदिग्ध लक्षण दिखाई देंगे।
सिहोरा ब्लॉक मेडिकल ऑफिसर डॉ दीपक गायकवाड ने बताया किल कोरोना अभियान के तहत तीन टीमें बनाई गई हैं। पायलट टीम में आशा और आंगनवाड़ी कार्यकर्ता होंगे। साथ में चल रही दूसरी सर्वे टीम जिसमें एक एएनएम और एक एमपीडब्ल्यू कार्यकर्ता होंगे जो संदिग्ध व्यक्तियों की पल्स ऑक्सो मीटर और इंफ्रारेड से संदिग्ध की जांच करेंगे। जांच के आधार पर संदिग्ध लोगों के सैंपल लेने की जानकारी सुपरविजन टीम जिसमें एक महिला बाल विकास और एक चिकित्सक को दी जाएगी।
सिर्फ तीन डॉक्टरों के भरोसे चलेगा अभियान : जानकारी के मुताबिक सिहोरा तहसील में सिहोरा नगर की 50 हजार और ग्रामीण क्षेत्र की एक लाख 30,000 जनसंख्या के लिए 170 आशा, 200 आंगनबाड़ी कार्यकर्ता के अलावा स्वास्थ्य विभाग की 30 एएनएम और आठ एमपीडब्ल्यू कार्यकर्ताओं को लगाया गया। सबसे महत्वपूर्ण बात यह है कि पायलट टीम और सर्वे टीम द्वारा संदिग्ध लोगों के सैंपल लेने के लिए सिहोरा तहसील में सिर्फ तीन ही डॉक्टर उपलब्ध रहेंगे जिनके भरोसे पूरा अभियान चलेगा। जानकारी के मुताबिक सिहोरा तहसील में सिहोरा सिविल हॉस्पिटल के प्रभारी डॉ आरके त्रिपाठी, ब्लॉक मेडिकल अधिकारी डॉक्टर दीपक गायकवाड और एक दंत चिकित्सक जिन की सेवाएं ली जा रही हैं डॉक्टर अनुराग दुबे ही उपलब्ध रहेंगे। अब देखना होगा कि 15 जुलाई तक चलने वाले किल कोरोना अभियान में शासन कितना सफल हो पाता है।
ठंड देकर बुखार आने पर होगी मलेरिया की जांच : किल कोरोना अभियान के अंतर्गत ठंड देकर बुखार आने वाले संदिग्ध मरीजों के सैंपल लिए जाएंगे। ऐसे मरीजों की मलेरिया जांच की जाएगी। मलेरिया के बढ़ते मामलों को लेकर इसी अभियान के अंतर्गत जांच का काम साथ में चलता रहेगा।
आरबीसी डॉक्टरों को जबलपुर में किया अटैच : जानकारी के मुताबिक सिहोरा तहसील के ग्रामीण क्षेत्रों में पदस्थ आरबीसी के तीन डॉक्टरों को मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी जबलपुर द्वारा जबलपुर मुख्यालय में अटैच करते हुए उन्हें किल कोरोना अभियान में लगा दिया गया है ऐसे में सिहोरा तहसील के अभियान में संदिग्ध लक्षणों के मरीजों की सैंपलिंग के लिए परेशानी खड़ी हो सकती है।