अधिकारी पर कीचड़ फेंक पुल पर बांधने वाले विधायक नीतीश राणे को भाजपा ने दिया टिकट

कांग्रेस के पूर्व विवादित विधायक नीतीश राणे को भाजपा ने दिया टिकट 

महाराष्ट्र के पूर्व मुख्यमंत्री नारायण राणे के बेटे और कांग्रेस के पूर्व विवादित विधायक नीतीश राणे को भाजपा ने अपनी पार्टी से टिकट दे दिया है | उन्हें कंकावली सीट से टिकट सौंपा गया है | बता दें कि नारायण राणे गुरुवार को भाजपा में शामिल हुए हैं | साल 2014 में नीतीश राणे इस सीट से कांग्रेस की टिकट पर विधायक बने थे | उन्होंने भाजपा के उस वक़्त के विधायक प्रमोद जत्थार को हराया था |

वहीं, नीतीश राणे के पिता नारायण राणे ने साल 2017 में कांग्रेस से अलग होकर महाराष्ट्र स्वामिभान पार्टी का निर्माण किया था, जिसे उन्हें भाजपा में विलय कर दिया गया और वह बाद में भाजपा के समर्थन से राज्यसभा के लिए चुने गए थे | गौरतलव है कि नारायण राणे इससे पहले शिवसेना में भी रह चुके हैं और बाद में वह साल 2005 में कांग्रेस में शामिल हुए थे | बताया जा रहा है कि भाजपा ने शिवसेना की नाराजगी के बाद भी नीतीश राणे को टिकट सौंपा है | जिसकी एक वजह यह भी है कि भाजपा आलाकमान कोंकण इलाके में अब पार्टी को मजबूत करने की कोशिश में जुट गई है |

बता दें कि इसी साल जुलाई के माह में नीतीश राणे एक अधिकारी पर कीचड़ फेंकने और दुर्व्यवहार के मामले में गिरफ्तार किए गए थे | नीतीश राणे का आरोप था कि इस अधिकारी के कारण सड़कों की हालत खराब हालत हो चुकी है | नीतीश राणे और उनके समर्थकों का यह कांड कैमरे में कैद हो गया था | जिसमें वो अधिकारी को पुल पर बांधते हुए भी दिखाई दे रहे हैं | 

 

Exit mobile version