भाजपा में नेताओ का दल-बदल का सिलसिला जारी, सिंधिया समर्थक बैजनाथ यादव ने थामा कांग्रेस का हाथ, बोले- भाजपा में नहीं था मान सम्मान

प्रणय शर्मा,भोपाल। चुनावी साल में भाजपा-कांग्रेस में नेताओं के दल-बदल का सिलसिला जारी है। इसी कड़ी में ग्वालियर-चंबल बीजेपी को एक बड़ा झटका लगा है। दरअसल शिवपुरी के पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष और भाजपा नेता बैजनाथ यादव ने भाजपा छोड़कर कांग्रेस का हाथ थामने का ऐलान कर दिया है।
दरअसल, ज्योतिरादित्य सिंधिया के खास माने जाने वाले बीजेपी प्रदेश कार्यसमिति सदस्य बैजनाथ सिंह यादव ने एक बार फिर कांग्रेस का दामन थाम लिया है। एक दिन पहले ही पार्टी ने इन्हें कारण बताओ नोटिस जारी किया था जिसके बाद अब उन्होंने पार्टी छोड़कर कांग्रेस का दामन थामने का ऐलान कर दिया है। इतना ही नहीं कांग्रेस में शामिल होने का ऐलान करते वक्त उन्होंने भाजपा में तीन साल से उनकी उपेक्षा होने का आरोप भी लगाया है।
बुधवार सुबह बैजनाथ सिंह यादव शिवपुरी से भोपाल के लिए रवाना हुए। बैजनाथ यादव बड़ी संख्या में समर्थकों के साथ कांग्रेस कार्यालय पहुंचे। जहां उन्होंने कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष कमलनाथ के समक्ष कांग्रेस पार्टी की सदस्यता ली है। इस दौरान दिग्विजय सिंह, अरुण यादव, जयवर्धन सिंह मौजूद रहे।
कांग्रेस में शामिल होने के बाद बैजनाथ सिंह ने कहा कि मैं सिंधिया के साथ बीजेपी में गया। मुझे तीन साल से घुटन हो रही थी, मान सम्मान नहीं था। मेरी पूरी उम्र और मेरे पिताजी भी कांग्रेस में थे। मैं पूरी तरह कांग्रेस के साथ हूं, पूरी हर चीज में कांग्रेस का साथ दूंगा।